सोनीपत। जिले में कोरोना संक्रमण का कहर बढ़ता जा रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार 582 नए रोगी और 193 के ठीक होने की पुष्टि हुई। अप्रैल महीने में अब तक 4014 संक्रमित मिल चुके हैं, जबकि दिसंबर से लेकर 31 मार्च तक 2532 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी। वहीं, शहर के जीवन नगर के रहने वाले 44 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। जनवरी, फरवरी, मार्च में कुल आठ मौत हुई थीं, लेकिन अब अप्रैल के 17 दिन में ही आठ लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें एक व्यक्ति को छोड़कर सभी की आयु 60 वर्ष से अधिक रही। फिलहाल जिले में 3159 सक्रिय मरीजों का उपचार चल रहा है।
जिले में अब तक संक्रमितों का आंकड़ा 19704 और ठीक होने वालों की संख्या 16451 पहुंच चुकी है। अब तक जिले में 94 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। बता दें कि अप्रैल महीने की दो तारीख को पुगथला निवासी 73 वर्षीय महिला, 3 अप्रैल को जुआं निवासी 61 वर्षीय महिला, 7 अप्रैल को पुरखास धीरान की 72 वर्षीय महिला, 10 अप्रैल को न्यू कॉलोनी निवासी 79 वर्षीय महिला, 12 अप्रैल मॉडल टाउन की रहने वाली 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला, 14 अप्रैल नंदवानी नगर के रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, 15 अप्रैल शहर के वेस्ट रामनगर निवासी 74 वर्षीय संक्रमित रिटायर्ड शिक्षक की मौत हो चुकी है। अब तक जिले में 94 लोग कोरोना की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं।
घर से बाहर निकलने पर मास्क अनिवार्य
डीसी श्यामलाल पूनिया ने कहा कि लापरवाही बरतने वालों से अब सख्ती से निपटा जाएगा। कोरोना से खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें। यदि अपने आसपास कोई संदिग्ध मरीज दिखे तो उसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर-1950 पर दी जा सकती है। साथ ही घर से बाहर निकलते समय 2 गज की दूरी रखें और मास्क पहनें। जिले में रिकॉर्ड स्तर पर कोरोना के केस मिल रहे हैं। ऐसे में लोगों को खांसी, बुखार व सांस लेने में तकलीफ होने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क करके जांच करानी चाहिए। इसके अलावा लक्षण वाले मरीज मास्क का उपयोग करें और लोगों से छह फीट की दूरी बनाए रखें।
894 बुजुर्गों समेत 2421 को लगाई वैक्सीन
जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव को शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य कर्मचारियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स के साथ बुजुर्गों को वैक्सीन लगाई गई। शनिवार को 894 बुजुर्गों, 100 फ्रंटलाइन वर्कर्स, 14 स्वास्थ्य कर्मियों , 45 वर्ष से ज्यादा आयु के 1413 मरीजों समेत 2421 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। जबकि विभाग की ओर से 2000 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया था।
शहर के गंज बाजार स्थित आर्य कन्या स्कूल में विधायक मोहन लाल बड़ौली ने टीकाकरण शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि देश में बनी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित व प्रभावी है। इसलिए संक्रमण से बचने के लिए सभी लोगों कोरोना का टीका लगवाना चाहिए। इस मौके पर स्कूल प्रधान अजय गर्ग, उप-प्रधान रवि प्रकाश अग्रवाल, सुरेश गुप्ता, जेएस राणा, देवेंद्र, सुरेंद्र खुराना, ईश्वर, दयाल शर्मा, रमेश मेहता, प्रेम चंद मंगला, ललित, प्राचार्या रजनी मल्होत्रा मौजूद रहे। उधर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सौजन्य से सेक्टर-15 स्थित श्री एसएस जैन सभा में शिविर लगाया गया। शिविर में 80 लोगों का वैक्सीन लगाई गई। वहीं न्यायिक परिसर में 100 लोगों का कोरोना टेस्ट कराया गया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रमेश चंद्र ने बताया कि स्प्रेड स्माइल फाउंडेशन व स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से वैक्सीनेशन शिविर लगाया था।