गन्नौर। सनपेड़ा रोड स्थित फैक्टरियों के बाहर सड़क किनारे ट्रक व अन्य भारी वाहनों की अवैध पार्किंग पर ग्राम पंचायत ने सख्ती शुरू कर दी है। अब सड़क पर वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित करने वाले चालकों पर 5100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
सनपेड़ा के सरपंच प्रमोद ढाका ने बताया कि लंबे समय से फैक्टरियों के बाहर ट्रकों की कतार लगने से सड़क संकरी हो जाती थी। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती थी। कई बार जाम की स्थिति बन जाती थी।
पंचायत ने सड़क किनारे चेतावनी बोर्ड लगवा दिए हैं। इन पर जुर्माने की राशि स्पष्ट लिखी गई है। बोर्ड लगने के बाद अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों की संख्या में कमी आई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार चालकों को समझाया गया लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद पंचायत ने बैठक में सर्वसम्मति से सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया। पंचायत ने साफ कहा है कि सड़क सार्वजनिक संपत्ति है और इसे अवरुद्ध करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।