हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) रविवार को दो सत्रों मेें हुई। शहर में बनाए गए 20 केंद्रों पर 9872 परीक्षार्थियों में से 8104 ने परीक्षा दी, जबकि 1578 परीक्षार्थी अनुपस्थिति रहे। सुबह के सत्र में हुई लेवल-2 (टीजीटी) परीक्षा के लिए शहर में 20 व सायंकालीन सत्र में हुई लेवल-1 (पीआरटी) परीक्षा के लिए 13 केंद्र बनाए गए थे। इनमें लेवल-2 में 6018 में से 4964 ने और लेवल-1 में 3854 में से 3140 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
सीसीटीवी की निगरानी में सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। सभी परीक्षार्थियों की कड़ी जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई। केंद्र में प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों को आभूषण व अन्य सामान बाहर रखने के निर्देश दिए गए थे।
डीईओ ने किया निरीक्षण
परीक्षा को सही ढंग से आयोजित करने के लिए कड़े कदम उठाए गए थे। केंद्रों के बाहर धारा 144 भी लागू की गई थी। फोटोस्टेट सहित कई प्रकार की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए थे। जिला शिक्षा अधिकारी प्रोमिला भारद्वाज ने दो केंद्रों का निरीक्षण किया। इसमें शिवा शिक्षा सदन में स्थित केंद्र पर जैमर ठीक ढंग से काम करता नहीं मिला, जिसे तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए थी अलग व्यवस्था
सभी केंद्रों पर दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जीवीएम कॉलेज में बने केंद्र पर पहुंचे दिव्यांग परीक्षार्थी को गेट से ही व्हीलचेयर पर बैठाकर केंद्र के अंदर पहुंचाया गया।
कड़ी जांच के बाद मिला प्रवेश
केंद्र में परीक्षा के दौरान नकल को रोकने के लिए शिक्षा बोर्ड द्वारा कई कदम उठाए गए थे। कोरोना संक्रमण को लेकर जारी की गई गाइडलाइन के कारण केंद्र में प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। जिसके बाद उनकी मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली गई। इसके अतिरिक्त परीक्षार्थियों की आंखें भी स्कैन की गईं। इसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष मेें जाने की अनुमति मिली। इसके बाद भी केंद्र में परीक्षार्थियों की वीडियोग्राफी की गई।
बनी रही जाम की स्थिति
रविवार को काफी संख्या में परीक्षार्थी अपने वाहनों से परीक्षा देने पहुंचे थे, जिस कारण विभिन्न मार्गों पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
वर्जन
रविवार को दो सत्रों मेें हुई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा में 9872 परीक्षार्थियों में से 8104 ने परीक्षा दी, जबकि 1768 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। एक केंद्र पर जैमर में कुछ दिक्कत दिखाई दी थी, जिसे तुरंत ठीक करवा दिया गया था।
- नवीन गुलिया, उप जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत