सोनीपत। शरद ऋतु का आगमन हो चुका है। अस्पताल में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ओपीडी के समय में बदलाव किया जा रहा है। जिला और उपमंडल नागरिक अस्पताल में 16 अक्तूबर से ओपीडी का समय सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक हो जाएगा।
शाम की ओपीडी के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उसका समय 4 से 6 बजे तक ही रहेगी। स्वास्थ्य जांच कराने के लिए ओपीडी पर्ची बनाने के लिए सुबह 8 बजे खुलने वाली खिड़की 16 अक्तूबर से सुबह 9 बजे खुलेगी। ओपीडी के अलावा दवा लेने और टेस्ट कराने के समय में भी परिवर्तन किया गया है।
मुख्यालय की ओर से वर्ष में दो बार अस्पताल के समय में बदलाव किया जाता है। ओपीडी के समय में बदलाव को लेकर चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ को सूचित कर दिया गया है। मरीज 16 अक्तूबर से रोजाना सुबह 9 बजे आकर ओपीडी की पर्ची बनवा सकते हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि ओपीडी के समय में बदलाव करने से दूरदराज से आने वाले मरीजों को भी परेशानी नहीं होगी। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वह 16 अक्तूबर से लागू होने वाली नई समय सारणी के अनुसार अस्पताल पहुंचकर परामर्श लें। यह परिवर्तन 15 अप्रैल 2026 तक प्रभावी रहेगा।
बुखार, खांसी और अन्य बीमारियों के बढ़ रहे मरीज
बारिश के बाद मौसम में परिवर्तन आने से लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। बुखार, खांसी एवं अन्य बीमारियां बढ़ रही हैं। अस्पताल के बाल विभाग, त्वचा विभाग, जनरल फिजिशियन, नेत्र विभाग की ओपीडी में मरीज अपना इलाज कराने पहुंच रहे हैं। अस्पताल में रोजाना दो हजार से ज्यादा की ओपीडी होती है।
जिला और उपमंडल अस्पतालों में 16 अक्तूबर से ओपीडी का समय बदल गया है। अब ओपीडी सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक लगेगी। -डॉ. ज्योत्सना, सिविल सर्जन, सोनीपत।