सोनीपत। दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में इस बार वोकल फॉर लोकल से दीपावली मनाई जाएगी। कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने देशवासियों का आह्वान किया कि हम सब मिलकर संकल्प लें कि इस बार स्वदेशी वस्तुओं से घर को सजाएंगे।
कुलपति ने दिवाली पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ का आह्वान किया है कि दिवाली पर स्वदेशी वस्तुओं का ही इस्तेमाल करें। अगर हम दिवाली पर स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करेंगे तो देश का पैसा देश में ही रहेगा। भारतीय उद्योग और अधिक मजबूत होंगे।
कुलपति ने एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवकों का आह्वान किया कि वह अपने रिश्तेदारों व आसपास रहने वालों को भी दिवाली पर स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि दिवाली इस बार देश में वोकल फॉर लोकल के संदेश के साथ मनाई जाएगी।
यह पहल न केवल भारतीय संस्कृति को नई पहचान देगी बल्कि स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्योगों को भी नई ऊर्जा प्रदान करने का कार्य करेगी। कुलपति ने कहा कि इस बार बाजारों में मिट्टी के दीपक, हस्त निर्मित झालर, देसी मिठाइयां और पारंपरिक सजावटी वस्तुएं उपलब्ध हैं।
कुम्हारों और स्थानीय कारीगरों के चेहरों पर खुशी झलक रही है। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल आर्थिक स्वावलंबन और सांस्कृतिक गर्व का प्रतीक बन चुका है। हर स्वदेशी दीपक के साथ देश के विकास की नई किरण जगमगाएगी।