संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। शहर के निजी अस्पताल जीवनी में प्रसूता की डिलिवरी के बाद मौत हो जाने और नवजात के गंभीर हालत में होने पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। वार्ड नंबर 7 निवासी मृतका रश्मि के पति सुमित ने निजी अस्पताल पर लापरवाही व डिलीवरी के लेकर जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं ना होने के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। फिलहाल पुलिस की तरफ से मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, मामले में मेडिकल बोर्ड के गठन होने पर अब उसकी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज करेगी।
सुमित का कहना है कि उनकी गर्भवती पत्नी रश्मि का इलाज सांपला मार्ग पर स्थित निजी अस्पताल में चला हुआ था। अब उन्होंने 15 अप्रैल को अपनी पत्नी को अस्पताल में डिलिवरी करवाने के लिए भर्ती करवाया तो महिला चिकित्सक ने उन्होंने नार्मल डिलिवरी होने की बात कही थी, लेकिन शाम को उन्हें बताया गया कि डिलिवरी ऑपरेशन से करानी पड़ी है और आपको बेटा हुआ है। जिसकी हालत ठीक नहीं है और उन्हें सोनीपत नर्सरी में शिफ्ट करना होगा। वह अपनी मां को साथ लेकर नवजात को सोनीपत लेकर चले गए थे, पीछे से उनकी पत्नी की हालत भी बिगड़ गई। चिकित्सक ने रश्मि को जल्दबाजी में रोहतक के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया और एंबुलेंस से रश्मि को अकेले ही रोहतक भेज दिया गया। उनके भाई मामी को साथ लेकर पीछे गाड़ी से गए तो रास्ते में एंबुलेंस भी खराब हो गई थी। वहीं जब वह रश्मि को लेकर अस्पताल पहुंचे तो उनकी पत्नी को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया था।
वर्जन
-मामले में शिकायत आई है, मेडिकल बोर्ड इस मामले की जांच कर रहा है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करेंगे।अंकित कुमार, थाना प्रभारी खरखौदा