सोनीपत के गढ़ी घसीटा स्थित राजकीय स्कूल में शिक्षा ग्रहण करते विद्यार्थी। संवाद
सोनीपत। दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ती जा रही गर्मी को देखते हुए उपायुक्त ने बालवाटिका से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की 31 मई तक छुट्टियां करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश मंगलवार 21 मई से लागू होंगे। जारी निर्देशों में कहा गया है कि यदि कोई स्कूल नियमों की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिले में गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को लगातार चौथे दिन पारा 45 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। दिन शुरू होने के साथ ही गर्मी व चलने वाली तन को झुलसाने लगती है। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच स्कूल जाने वाले नौनिहालों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने 31 मई तक छुट्टियां करने के आदेश दिए हैं। उसके बाद एक जून से ग्रीष्मावकाश शुरू हो जाएगा। यह आदेश सभी निजी और राजकीय स्कूलों पर लागू होंगे। नियमों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
45 के पार चल रहा पारा
जिले में चार दिनों से पारा 45 डिग्री के पार चल रहा है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो 01 जून से पहले गर्मी से राहत मिलने के भी आसार नहीं है। न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री तक पहुंच गया है। ऐसे में नौनिहालों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले बुरे प्रभाव को देखते हुए छुट्टियां घोषित की हैं।
विद्यालय समय में किया बदलाव
विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने 1 जून से ग्रीष्मावकाश घोषित किया हुआ है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक कक्षाओं के स्कूलों के समय भी बदलाव किया गया है। 31 मई तक स्कूलों का समय सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। 1 से 30 जून तक स्कूलों में ग्रीष्म अवकाश रहेगा।
वर्जन
जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए बालवाटिका से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की छुट्टियां कर दी हैं। यह आदेश सभी निजी और सरकारी स्कूलों पर लागू होंगे। 21 से 31 मई तक स्कूलों में पांचवीं तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं नही लगेंगी। निर्देशों की पालना नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. मनोज कुमार, जिला उपायुक्त, सोनीपत