जिले में रातभर होटलों व घरों में बिजली निगम ने छापामारी की। इस दौरान निगम की टीमों ने 35 बिजली चोरों को पकड़ा। निगम ने खरखौदा में सबसे ज्यादा 15 तो गन्नौर में पांच जगह बिजली चोरी पकड़ी। निगम ने बिजली चोरों पर लगभग 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ मामला भी दर्ज कराया है। एसई ने कहा कि किसी भी हालत में बिजली चोरों को बख्शा नहीं जाएगा।
3.50 लाख उपभोक्ता हैं जिले में
प्रदेश में उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली देने के लिए सरकार ने चोरी रोकने को दिशा-निर्देश दिए हैं। इसी तर्ज पर बिजली निगम ने चोरी पकड़ने का अभियान छेड़ा हुआ है। जिले में बिजली निगम के लगभग 3.50 लाख उपभोक्ता हैं, जिन्हें निगम की ओर से शहर में 24 घंटे व ग्रामीण एरिया में 12 घंटे बिजली आपूर्ति दी जाती है। इसके अलावा बिजली निगम लोगों को चोरी रोकने के लिए बार-बार अपील करता आ रहा है। वहीं म्हारा गांव जगमग योजना, वीडीएस, ब्याज माफी समेत अनेक योजनाएं लागू कर रहा है। इसके बावजूद भी लोग बिजली चोरी करते हैं। इससे बिजली निगम को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। अब निगम ने बिजली चोरों पर सख्ती से निपटने का फैसला लिया है, जिससे निगम की टीम जिले भर में छापामारी कर बिजली चोरों को पकड़ रही है।
खरखौदा में पकड़े सबसे ज्यादा बिजली चोर
बिजली चोरों पर शिकंजा कसने के लिए पिछले 10 दिन से निगम की छापामारी जारी है। निगम अब तक 74 बिजली चोरों पर शिकंजा कस चुका है। जिन पर लगभग 37 लाख रुपये का जुर्माना भी किया गया। वहीं, शुक्रवार रातभर निगम की टीम ने जिले भर में होटलों व घरों में दबिश दी। जहां खरखौदा में 15, गोहाना में 9, गन्नौर में 5 तथा सोनीपत में 6 बिजली चोरी पकड़ी। इन सभी बिजली चोरों पर निगम ने लगभग 20 लाख रुपये का जुर्माना किया है।
बिजली चोरों को किसी भी हालत में नहीं बख्शा जाएगा। निगम की ओर से लगातार शहर व ग्रामीण एरिया में छापामारी कर चोरों पर शिकंजा कसा जा रहा है। शुक्रवार रातभर जिले में बिजली चोरी पकड़ने को छापामारी की गई। निगम की टीमों ने 35 बिजली चोरों पर शिकंजा कसते हुए उन पर लगभग 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। बिजली निगम की ओर से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
-एसएन शर्मा, एसई बिजली निगम।