गोहाना लघु सचिवालय में स्थापित मतदाता हेल्पडेस्क की जानकारी देते एसडीएम अंकित कुमार। स्रोत : प्
गोहाना। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इस हेल्प डेस्क के माध्यम से नागरिकों को निर्वाचन संबंधी जानकारी और जरूरी सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम अंकित कुमार ने बताया कि लघु सचिवालय गोहाना के प्रथम तल पर कक्ष संख्या-16 में हेल्प डेस्क शुरू की गई है। हेल्प डेस्क का दूरभाष नंबर 01263-298001 है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समाप्ति तक इस नंबर पर प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
एसडीएम ने बताया कि हेल्प डेस्क की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में बीडीपीओ गोहाना, मुंडलाना और कथूरा, नगर परिषद गोहाना, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य कर्मी, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्कूलों के माध्यम से भी हेल्प डेस्क की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। सभी विद्यालयों में हेल्प डेस्क संबंधी सूचना प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि नागरिकों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सके।
एसडीएम अंकित कुमार ने नागरिकों से अपील की कि निर्वाचन संबंधी किसी भी जानकारी, सहायता या समस्या के समाधान के लिए हेल्प डेस्क से संपर्क करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग दें। उन्होंने बताया कि हर शुक्रवार दोपहर 12 बजे एसआईआर से संबंधित प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।