किसानों के आंदोलन के चलते परिवहन सेवाएं पूरी तरह बाधित हो गई हैं। कुंडली बॉर्डर के बाद अब लामपुर बॉर्डर और सफियाबाद भी बंद कर दिया गया है, जिससे बुधवार को दिल्ली रूट पूरी तरह बंद रहा। हालांकि सुबह के समय आगरा व जयपुर के लिए केएमपी के रास्ते दो बसें भेजी थी। उसके बाद से दिल्ली की ओर से कोई बस नहीं गई।
वहीं चंडीगढ़ रूट पर भेजी गई कई बसें शाहबाद व करनाल से वापस लौट रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस अड्डे पहुंचे दिल्ली जाने वाले यात्री बसों के लिए भटकते रहे।
रोडवेज अधिकारियों की मानें तो सोनीपत बस अड्डे से सामान्य दिनों में दिल्ली के लिए करीब 25 बसें व चंडीगढ़ के लिए 20 बसें भेजी जाती हैं। किसान आंदोलन के चलते बॉर्डर बंद होने से परिवहन सेवाएं बाधित हो गई हैं। दिल्ली के लिए मंगलवार को जहां 8 बसें वाया नरेला भेजी गई थी, लेकिन लामपुर बॉर्डर व सफियाबाद बंद करने के बाद इस मार्ग से भी बसों का परिचालन बंद हो गया है। यही कारण रहा कि बुधवार को इस रूट पर कोई बस नहीं गई।
27 बसों का परिचालन रहा बंद
गोहाना बस अड्डा पर लंबे रूट पर परिचालन बंद कर दिया गया है। मौजूदा समय में 27 बसों का परिचालन बंद है। वहीं तीन बसें प्रशासनिक ड्यूटी पर खरखौदा भेजी गई हैं। लंबे रूट बंद होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। हालांकि लोकल रूटों के यात्रियों के लिए अभी राहत है।
इन रूट पर बंद रही बस सेवाएं
गोहाना बस अड्डा से डेरा ब्यास, कटरा, चार बस दिल्ली रूट, दो बसें अजमेर व एक-एक बस मुरादाबाद व मथुरा रूट पर जाती थी। इन सभी बसों का परिचालन बंद दिया गया है। इसके अलावा खाटू श्याम व बालाजी जाने वाली बसों का परिचालन भी बंद कर दिया गया है। गोहाना बस अड्डे में 28 किलोमीटर योजना की तथा 46 रोडवेज की बसें है। लंबे रूट बंद होने से किलोमीटर योजना की बसों के किलोमीटर पूरे करना मुश्किल हो रहा है। जो रूट चालू हैं, उन पर रोडवेज की बसें चलाई जा रही है।
मुख्यालय के आदेशों के अनुसार ही बसों का परिचालन किया जा रहा है। लंबे रूट पर बसों का परिचालन बंद कर दिया है। लोकल रूट पर बसों का परिचालन किया जा रहा है। अब तक 27 बसों का परिचालन बंद हो चुका है।
-शेर सिंह, डीआई, बस अड्डा, गोहाना
किसान आंदोलन के चलते कुंडली बॉर्डर के बाद लामपुर बॉर्डर व सफियाबाद को भी बंद कर दिया गया है, जिसे देखते हुए बुधवार को दिल्ली रूट पर कोई बसें नहीं भेजी गई। सुबह जयपुर व आगरा के लिए एक-एक बसें केएमपी के रास्ते भेजी गई थी। चंडीगढ़ जाने वाली बसों में से कुछ बसें बीच रास्ते से ही वापस लौट रही हैं। लोकल रूट पर बसों का परिचालन ठीक है।
-ओम प्रकाश, डीआई, रोडवेज डिपो, सोनीपत