सीएम मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस के समय में मटके फूटते थे, हमारी सरकार ने 5600 गांवों में 24 घंटे बिजली पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में पाइप लगाकर सूखे क्षेत्रों में पानी शिफ्ट कराया जाएगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में बिजली किल्लत को 10 दिन में दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देशभर में वर्तमान में बिजली किल्लत है, लेकिन प्रदेश में इतने ज्यादा खराब हालात नहीं हैं। कांग्रेस के राज में सड़कों पर मटके फूटते थे। वर्तमान सरकार ने जगमग योजना के तहत प्रदेश के 5600 गांवों में 24 घंटे बिजली पहुंचाई है, जबकि केवल 800 गांव ही बाकी है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल गांव नाहरा में अमृत सरोवर योजना का शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरोप लगाना आसान है, लेकिन सच्चाई यह है कि 6 वर्षों में बिजली क्षेत्र में बेहतरीन काम हुआ है। पिछले साल की तुलना में प्रदेश में बिजली की खपत इस बार 50 प्रतिशत ज्यादा है, जिसका 30 प्रतिशत प्रदेश सरकार ने अपने स्तर पर ही पूरा किया है।
जहां तक उद्योगों का सवाल है तो उद्योगों में ज्यादा डिमांड है, इसलिए फिलहाल रात को बंद करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार लक्ष्य है कि पानी की बूंद-बूंद बचाई जाए। इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति है, उनमें पाइप लगाकर सूखाग्रस्त क्षेत्रों में पानी पहुंचाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ तालाबों की गहराई ज्यादा है, तो वहां पर मछली पालन का काम शुरू करवाने पर विचार किया जा रहा है।