हरियाणा में राज्य चुनाव आयोग ने हर जिले के सबसे बुजुर्ग मतदाताओं की सूची जारी की है। इस सूची में पलवल के 118 वर्षीय धर्मवीर सिंह प्रदेश में सबसे बुजुर्ग मतदाता हैं, जबकि सिरसा की 117 वर्षीय बलवीर काैर दूसरे और सोनीपत की 116 वर्षीय भगवानी तीसरी सबसे बुजुर्ग मतदाता हैं। वयोवृद्ध मतदाताओं को युवाओं के सामने प्रेरणा के तौर पर पेश किया जाएगा।
प्रदेश में छठे चरण में 25 मई को मतदान होना है। इस बीच हरियाणा निर्वाचन आयोग ने 20 जिलों के सबसे बुजुर्ग मतदाताओं की सूची जारी की है। इसका मकसद युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करना है। सूची में शामिल शतायु वोटरों में पानीपत जिले के 115 वर्षीय लक्खी शेख, रोहतक जिले की 112 वर्षीय चंद्रो कौर व फतेहाबाद की रानी के नाम शामिल हैं। इनके अलावा कुरुक्षेत्र जिले की 111 वर्षीय अंती देवी, सरजीत कौर व चोबी देवी के नाम दर्ज हैं।
वहीं रेवाड़ी जिले की 110 वर्षीय नारायणी, कैथल जिले की 109 वर्षीय फुला देवी, फरीदाबाद जिले की चंदेरी देवी भी वोटिंग कर युवाओं के लिए प्रेरणाश्रोत बनेंगी। इसी तरह जींद जिले की 108 वर्षीय रामदेवी, नूंह जिले के हरि वोटिंग कर लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी निभाएंगे।
करनाल के 107 वर्षीय गुलजार सिंह, हिसार जिले के 106 वर्षीय सदीकन व श्रीराम और चरखी-दादरी जिले की गीना देवी, झज्जर जिले की 106 वर्षीय मेवा देवी, भिवानी जिले की 103 वर्षीय हरदेई और यमुनानगर की 100 वर्षीय फूलवती के नाम शतायु वोटरों में शामिल हैं।
दिव्यांग व वयोवृद्ध मतदाता घर से कर सकते हैं मतदान
प्रदेश में 1.48 लाख दिव्यांग मतदाता हैं। दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं के लिए चुनाव आयोग ने विशेष प्रबंध किए हैं। दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचने की बजाय घर से मतदान करने का विकल्प भी दिया गया है। साथ ही मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर के प्रबंध किए गए हैं।
वयोवृद्ध भगवानी हर चुनाव में करती हैं मतदान
सोनीपत के गांव जागसी निवासी वयोवृद्ध भगवानी देवी के पौत्र अनिल ने बताया कि उनकी दादी हर चुनाव में मतदान अवश्य करती हैं। हालांकि इस बार उन्हें सुनाई व दिखाई देने में दिक्कत हो रही है। इसके बावजूद वह मतदान अवश्य करेंगी। चुनाव में वह उन्हें मतदान बूथ पर लेकर जाते थे। इस बार वयोवृद्ध मतदाता के लिए घर से मतदान की सुविधा मिली है। ऐसे में वह इस बार उनका घर से मतदान कराएंगे। वह सदैव परिवार को मतदान करने के लिए जागरूक करती रही हैं।