फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: नगर परिषद में हनुमान चालीसा का हुआ पाठ

Fri, 29 May 2026 10:03 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
गोहाना नगर परिषद परिसर में धार्मिक गतिविधियों का विरोध जताते पार्षद। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

गोहाना। नगर परिषद कार्यालय में आयोजित हनुमान चालीसा पाठ और गंगाजल छिड़काव को लेकर शहर की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के हालिया दौरे के बाद नगर परिषद अध्यक्ष रजनी विरमानी की तरफ से करवाए गए धार्मिक आयोजन ने राजनीतिक गलियारों से लेकर प्रशासनिक हलकों तक चर्चा का दौर तेज कर दिया। हालांकि विवाद और विरोध के बावजूद शुक्रवार को नगर परिषद परिसर में हनुमान चालीसा पाठ हुआ।
शुक्रवार सुबह से ही नगर परिषद कार्यालय में शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, पार्षद और श्रद्धालु पहुंचने लगे। कार्यक्रम के दौरान जय श्रीराम और बजरंग बली की जय के उद्घोषों से पूरा परिसर गूंज उठा। चेयरपर्सन रजनी विरमानी और इन्द्रजीत विरमानी ने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। पूजा-अर्चना के उपरांत परिषद परिसर और वाहनों पर गंगाजल का छिड़काव भी किया गया।
विज्ञापन

चेयरपर्सन रजनी विरमानी ने कहा कि शहर के विकास कार्यों में लगातार बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शहर में सकारात्मक ऊर्जा और शांति का वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से धार्मिक आयोजन करवाया गया। उन्होंने इसे पूरी तरह धार्मिक आस्था से जुड़ा कार्यक्रम बताते हुए कहा कि समाज में सद्भाव और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन आवश्यक हैं।

इंसेट
मंत्री के दौरे के बाद शुरू हुआ विवाद
बुधवार को हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा की मौजूदगी में नगर परिषद की तरफ से नई एजेंसी के माध्यम से डोर-टू-डोर कचरा उठान सेवा का शुभारंभ किया गया था। मंत्री ने उपाध्यक्ष राजबाला मलिक और पार्षदों के साथ कूड़ा उठाने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। उस दौरान मंत्री ने कहा था कि नगर परिषद चेयरपर्सन को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था लेकिन वह उपस्थित नहीं हुईं। इसके दो दिन बाद परिषद परिसर में हनुमान चालीसा पाठ और गंगाजल छिड़काव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं।
इंसेट

पार्षदों ने जताई आपत्ति, कहा-सरकारी कार्यालय है धार्मिक स्थल नहीं
नगर परिषद के लगभग 60 प्रतिशत पार्षदों ने उपाध्यक्ष राजबाला मलिक के निवास पर एकत्रित होकर प्रेस वार्ता की और पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जाहिर की। पार्षदों ने कहा कि नगर परिषद परिसर आम जनता के सरकारी कार्यों के लिए बना सार्वजनिक कार्यालय है, ऐसे में वहां धार्मिक आयोजन करवाना उचित नहीं माना जा सकता। राजबाला मलिक ने कहा कि कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सदन के सदस्य हैं और उन्हें परिषद कार्यालय में आने का पूरा अधिकार है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मंत्री के आने से कार्यालय अपवित्र हो जाता है। पार्षदों ने कहा कि नगर परिषद के कार्यालय में कैबिनेट मंत्री कुछ दिन पहले आये थे तो उनके जाने के बाद शुद्धिकरण के नाम पर नप परिसर में हवन किया गया था। पार्षदों का आरोप है कि अधिकारियों की अनुमति के बिना आयोजन करवाया गया और बाद में शुद्धिकरण के नाम पर गंगाजल छिड़काव कर गलत संदेश देने का प्रयास किया गया। उनका कहना था कि इससे भाईचारे और सामाजिक सौहार्द पर असर पड़ सकता है।
जब पार्षदों से चेयरपर्सन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने फिलहाल ऐसा कोई निर्णय लेने से इनकार किया। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि मामले में माफी नहीं मांगी गई तो भविष्य में सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

इंसेट
प्रशासनिक स्तर पर भी उठे सवाल
सूत्रों के अनुसार नगर परिषद अधिकारियों ने इस धार्मिक आयोजन की औपचारिक अनुमति नहीं दी थी। मामला सामने आने के बाद ईओ द्वारा एसडीएम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई। हालांकि विवादों के बावजूद कार्यक्रम शांतिपूर्ण होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन


इंसेट
सनातन संस्कृति को मजबूती देने वाले आयोजन होने चाहिए : डॉ. अरविंद
पूरा विवाद सामने आने के बाद कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि वह और उनका पूरा परिवार सनातन संस्कृति में गहरी आस्था रखता है। कबीरपंथी विचार को आत्मसात करते हुए हमेशा धर्म का पालन किया है। इस तरह के आयोजन होने चाहिए, ताकि समाज में अच्छा संदेश जाए और सनातन संस्कृति को मजबूती मिले।

गोहाना नगर परिषद परिसर में धार्मिक गतिविधियों का विरोध जताते पार्षद। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें