फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: बिना बेस बनाए डाल दी आधा किमी सीवरलाइन, मेयर ने उखड़वाई

Thu, 12 Jun 2025 01:06 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
फोटो 11: सोनीपत के खन्ना कॉलोनी में सीवर लाइन डालने के कार्य के जांच करने के बाद निगम अ​धिकारिय
विज्ञापन
सोनीपत। नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही के चलते ठेकेदार ने खन्ना काॅलोनी में बिना बेस बनाए 500 फीट तक सीवरलाइन डाल दी। इस कार्य में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर जांच करने के लिए मेयर राजीव जैन पहुंचे और सीवरलाइन को उखड़वा दिया। साथ ही हेमनगर में डाली जा चुकी सीवरलाइन को जांचा तो मैनहोल का निर्माण करने के बजाय पुराने मैनहोल पर ढक्कन बदले जा रहे थे। मेयर ने निगम अधिकारियों को कॉल करके मौके पर बुलाया और लापरवाही मिलने के मामले में उन्हें फटकार लगाई।
विज्ञापन

वार्ड नंबर-3 स्थित हेमनगर और खन्ना कॉलोनी में वर्षों से चली आ रही सीवर ओवरफ्लो की समस्या को खत्म करने के लिए 1 मई को विधायक निखिल मदान व मेयर राजीव जैन ने नई लाइन डालने का कार्य शुरू कराया था। दोनों कॉलोनियों में पुरानी सीवरलाइन जर्जर हो चुकी थीं।
इसके कारण सीवर ओवरफ्लो की समस्या महीनों से बनी हुई थी। घरों के सामने लगातार पानी भरे रहने से लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। दोनों कॉलोनियों में करीब 2000 मीटर सीवरलाइन डाली जानी है। जांच हुई तो पता लगा कि सीवरलाइन डालने के तय नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था।
विज्ञापन

खन्ना कॉलोनी में डाली जा रही सीवरलाइन में गड़बड़ी की शिकायत मिली तो मेयर मौके पर पहुंचे और ठेकेदार को सीवरलाइन उखाड़कर दोबारा डालने के निर्देश दिए। मेयर से कॉलोनी वासियों ने शिकायत की थी कि ठेकेदार सीवरलाइन डालते समय पाइप के नीचे रोड़ी डालकर बेस नहीं बना रहा है और लाइन का लेवल भी ठीक नहीं है। मेयर ने काम कर रहे मजदूरों से पूछा तो वह इधर-उधर की बात करने लगे। उन्होंने कहा कि रोड़ी डाल रखी है। जब मेयर ने लाइन उखाड़कर दिखाने के लिए कहा तो उन्होंने स्वीकार किया कि नीचे रोड़ी नहीं डाली गई है।
मेयर ने कार्यकारी अभियंता विशाल गर्ग, सहायक अभियंता सुरेश लोहान, कनिष्ठ अभियंता परविंद्र कुमार, निगम पार्षद सुरेंद्र मदान को मौके पर बुलाया और निर्माण कार्य में की जा रही गड़बड़ी दिखाई। मेयर ने अधिकारियों के साथ हेम नगर में डाली जा चुकी लाइन की भी जांच की।
उन्होंने पाया कि सीवर के मैनहोल भी नहीं बनाए जा रहे, बल्कि पुराने मैनहोल के केवल ढक्कन ही बदले जा रहे हैं या मरम्मत की जा रही है। इस पर मेयर ने अधिकारियों को सीवर लाइन के कार्य की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया गया तो किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
खन्ना कॉलोनी में बिना बेस बनाए डाली सीवरलाइन को उखड़वाया गया है। दोबारा बेस बनाकर लाइन डालने के निर्देश दिए गए हैं। काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। -विशाल गर्ग, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें