सोनीपत। मौसम मंगलवार दोपहर बाद अचानक बदला और पूरे जिले में हल्की बूंदाबांदी हुई। राई और खरखौदा में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई, जिससे बेल वाली सब्जियों को नुकसान पहुंच सकता है। बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी से जरूर कुछ राहत मिली है।
सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवा ने लोगों को परेशान कर रखा था। दोपहर के बाद मौसम ने रुख बदला और आसमान में बादल छा गए। कुछ देर में बूंदाबांदी शुरू हो गई। काफी देर तक बूंदाबांदी होती रही। राई और खरखौदा क्षेत्र के गांवों में ओलावृष्टि हुई। इससे टमाटर, तोरई, कद्दू, लौकी, खीरा, खरबूजा जैसी बेल वाली फसलों को नुकसान पहुंचा है। सब्जी उत्पादक किसान इस अप्रत्याशित बारिश से चिंतित नजर आए।
तेज हवा से पेड़ गिरा, बिजली आपूर्ति प्रभावित
राई क्षेत्र में एक पेड़ तेज हवा की वजह से टूटकर तार पर गिर गया, जिससे कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसी तरह मॉडल टाउन, सोनीपत में भी तार टूट गया, जिससे स्थानीय लोगों को असुविधा हुई। हालांकि बिजली निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत का कार्य शुरू किया और आपूर्ति बहाल की।
दो दिन छाए रहेंगे बादल
बूंदाबांदी के बाद मौसम बेहतर हो गया है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषक्ष डॉ. प्रेमदीप के अनुसार आगामी दो दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
फोटो :40: सोनीपत के गांव रोहट में हुई ओलावृष्टि। संवाद
फोटो :40: सोनीपत के गांव रोहट में हुई ओलावृष्टि। संवाद