संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और महाविद्यालय में प्रवेश संख्या बढ़ाने के लिए पृथ्वीराज चौहान राजकीय कॉलेज, जाखौली के प्रोफेसर विशेष जागरूकता अभियान चला रहे हैं।
प्राध्यापक गांव-गांव और घर-घर संपर्क कर विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों से संवाद कर रहे हैं। उन्हें उच्च शिक्षा के महत्व, कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं तथा भविष्य में मिलने वाले रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्र के इस महाविद्यालय में इस शैक्षणिक सत्र के लिए कुल 240 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इनमें कला संकाय की 160 और वाणिज्य संकाय की 80 सीटें शामिल हैं, लेकिन अब तक केवल 47 विद्यार्थियों ने ही ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। अपेक्षा से कम नामांकन होने के कारण कॉलेज प्रशासन ने प्रवेश बढ़ाने के प्रयासों को और अधिक गति दे दी है।
महाविद्यालय के प्राध्यापक लगातार आसपास के गांवों का दौरा कर रहे हैं। वह विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास कर रहे हैं कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य, रोजगार और सामाजिक सशक्तिकरण का आधार भी है।
शिक्षकों का विशेष ध्यान उन छात्राओं पर है, जो विभिन्न सामाजिक या आर्थिक कारणों से आगे की पढ़ाई जारी रखने को लेकर असमंजस में रहती हैं। उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी जागरूक किया जा रहा है।
कॉलेज प्रशासन का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई परिवारों में उच्च शिक्षा के प्रति पर्याप्त जागरूकता नहीं है। अनेक विद्यार्थी बारहवीं कक्षा के बाद रोजगार या अन्य कारणों से पढ़ाई छोड़ देते हैं, जबकि कुछ छात्राएं दूरी और सामाजिक परिस्थितियों के कारण कॉलेज तक नहीं पहुंच पातीं। ऐसे में शिक्षकों का यह जनसंपर्क अभियान काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
महाविद्यालय की प्रभारी किरण चौहान ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के कॉलेजों में नामांकन बढ़ाना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद शिक्षक पूरी प्रतिबद्धता के साथ छात्राओं व अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक बदलाव का सबसे प्रभावी माध्यम है और प्रत्येक विद्यार्थी को उच्च शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कॉलेज में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर सांस्कृतिक, खेल और व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास हो सके।
किरण चौहान ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया अभी जारी है और कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि जागरूकता अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। आने वाले दिनों में अधिक से अधिक छात्राएं महाविद्यालय में प्रवेश लेकर अपने शैक्षणिक जीवन की नई शुरुआत करेंगे।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वह अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करें ताकि वह आत्मनिर्भर बनकर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
कॉलेज प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्र का कोई भी छात्राएं केवल जागरूकता के अभाव में उच्च शिक्षा से वंचित न रह जाए। इसी सोच के साथ शिक्षक लगातार लोगों के बीच पहुंच रहे हैं और शिक्षा की अलख जगाने का कार्य कर रहे हैं।
फोटो :: सोनीपत के गांव जाखौली स्थित पृथ्वीराज चौहान कॉलेज में दाखिला प्रक्रिया के ऑनलाइन पंजी