फोटो 06- सोनीपत में अभियान के दौरान सड़क के साथ उगे भांग के पौधों को काटते मजदूर। स्रोत : सूचना
सोनीपत। प्रशासन की ओर से जिलेभर में विभिन्न विभागों की मदद से सड़कों, राजमार्ग व अन्य स्थानों पर लगे भांग के पौधों को नष्ट करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सभी विभागों ने अपनी संबंधित जमीन पर उगे भांग के पौधों को उखड़वा कर उन्हें नष्ट किया, ताकि इन पौधों को नशे के रूप में इस्तेमाल न किया जा सके।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि जिला को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन जनता के सहयोग से प्रयासरत है। इसी कड़ी में शनिवार को लोक निर्माण विभाग, मार्केट कमेटी ने अपनी संबंधित सड़कों, नगर निगम ने संबंधित सभी संपत्तियों, शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों, अन्य शिक्षण संस्थाओं व पंचायत विभाग ने गांवों में अभियान चलाया। अभियान के तहत सड़क, गली व खाली जगहों पर लगे भांग के पौधों को नष्ट किया गया। उन्होंने कहा कि भांग का इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। उन्होंने सभी नागरिकों का आह्वान किया कि वह जहां भी भांग का पौधा मिले, उसे नष्ट करें। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशे को जड़ से खत्म करना जरूरी है। युवा पीढ़ी काे भी इससे बचाना जरूरी है। सभी नागरिक नशे के खिलाफ इस अभियान में प्रशासन का सहयोग करें और संबंधित जानकारी तुरंत पुलिस को दें।