कुंडली बॉर्डर पर पत्रकारवार्ता करते निहंग जत्थेदार राजा राजसिंह। संवाद
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा के बाद कुंडली बॉर्डर पर धरनारत निहंग जत्थेदारों ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरु पर्व के दिन शानदार सौगात दी है। हालांकि इस दौरान वह बोले कि आंदोलन तभी खत्म करेंगे, जब सरकार लिखित में कानूनों को रद्द कर देगी। उन्होंने कहा कि अब सरकार बेअदबी मामले में भी कानून बनाए।
कुंडली बॉर्डर पर शुक्रवार शाम को पत्रकारों से बातचीत करते हुए निहंग जत्थेदार राजा राज सिंह व कुलविंद्र सिंह ने कहा कि पीएम ने इतनी बड़ी खुशी दी है कि अब वह बड़े स्तर पर गुरु पर्व मनाएंगे और दिल्ली के गुरुद्वारों में माथा टेकेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में कानून वापसी के बाद बेहतरीन माहौल बना है। उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर खोलने के मामले में कहा कि करतारपुर साहिब के दर्शन के लिए पासपोर्ट न लेकर आधार कार्ड ही जरूरी किया जाए। निहंग जत्थेबंदियों ने कहा सरकार बेअदबी पर कानून बनाए। जिसमें उम्रकैद व फांसी की सजा का प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की इस जीत में हरियाणा का सहयोग भी बराबर का रहा है।