सोनीपत। सेक्टर-12 में बाइक सवार दो झपटमार कनाडा से आए इंजीनियर के गले से सोने की चेन झपट ले गए। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-27 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-12 निवासी आशुतोष जोशी ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि वह कनाडा में इंजीनियर हैं। वह फिलहाल सेक्टर-12 में आए थे। वह 24 अप्रैल की शाम करीब सवा पांच बजे अपने रिश्तेदार के घर से सर्विस रोड पर जा रहे थे। जब वह घर के पास पहुंचे तो इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास आए। दोनों युवकों ने हेलमेट लगा रखा था। आरोपी आउटर साइड से आए और उनके घर के साथ से वापस मुड़कर उनके गले से सोने की चेन झपट कर आउटर की तरफ भाग गए।
उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम झपटमारों की तलाश करती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस क्षेत्र में सीसीटीवी खंगाल रही है।