सोनीपत के खरखौदा के गांव रोहणा निवासी एक छात्रा को पढ़ाई के लिए विदेश भेजने के नाम पर मोहाली की एक कंपनी ने सवा चार लाख रुपये ठग लिए। छात्रा जब विदेश नहीं जा पाई और ऐसे में उसने कंपनी के कहे अनुसार अपने पैसे मांगे तो कंपनी की तरफ से मना कर दिया गया। जिस पर अब छात्रा ने मामले की शिकायत सोनीपत पुलिस कमिश्नर को देते हुए कंपनी के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
गांव रोहणा निवासी छात्रा रूबी का कहना है कि उसे अपनी उच्चतर पढ़ाई के लिए आस्ट्रेलिया जाना था, ऐसे में उसे इंटरनेट मीडिया के माध्यम से क्रिएटिव फ्यूचर कंसुलेंजा कंपनी जो मोहाली में है। कंपनी क्लचरल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत आस्ट्रेलिया का विजा लगवाने का आश्वासन दे रहे थे। कंपनी से संपर्क करने पर उसे 2.80 लाख रुपये तक का खर्च बताया गया था।
छात्रा का कहना है कि 14 अगस्त को पहली बार उसने कंपनी के खाते में दस हजार रुपये डाले और उसके बाद कभी मूल्यांकन शुल्क, स्पानसरशिप शुल्क, लाजर शुल्क व दूतावास शुल्क के नाम पर 15-15 सौ डालर व दस-दस हजार रुपये बताए गए। स्पानसरशिप राशि के रूप में 88400 रुपये लिए गए। वहीं अपनी कही गई बातों से हटकर पैसा मांगने पर जब उसने एतराज जताया तो हर बार उसे कंपनी की पॉलिसी का आश्वासन देकर विश्वास करने की बात कही जाती रही।
उसे 30 से 60 दिन के अंदर वीजा दिलवाने की बात कही गई थी, लेकिन जब भी कंपनी सदस्यों से संपर्क किया जाता वह पैसों की मांग करते, एक के बाद एक पैसे देने के चलते वह कंपनी को 422900 रुपये दे चुकी है। इसके बाद भी वीजा नहीं मिलने पर जब वह मोहाली स्थित कंपनी के कार्यालय में पहुंची और वीजा नहीं देने के चलते उनके कहे अनुसार अपने पैसे वापस मांगे तो कंपनी ने यह कहकर पैसा देने से मना कर दिया कि उसने शपथ पत्र दिया हुआ है, जिसके चलते पैसा वापस नहीं होगा।
खुद के साथ हुई ठगी को लेकर छात्रा ने पुलिस कमिश्नर, सोनीपत को शिकायत देकर कंपनी सदस्य अनामिका, रुपिंद्र कौर, अंजू व सोनिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। खरखौदा पुलिस ने धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।