सोनीपत। एटलस रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट के स्टोर के पिछले दरवाजे का ताला काटकर चोरों ने घी, ड्राई फ्रूट, तेल और अन्य सामान चोरी कर लिया। मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मॉडल टाउन निवासी स्टोर मैनेजर अमित कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब 11:10 बजे स्टोर बंद करके गए थे। रविवार सुबह 7:30 बजे एएसएम अनिल ने स्टोर को खुलवाया। साढ़े 9 बजे महिला कर्मचारी सानिया ने स्टॉक लगाते समय फर्स्ट फ्लोर पर घी, ड्राई फ्रूट और तेल के फिक्सचर खाली पड़े देखे।
सानिया ने अनिल और डीसी इंचार्ज हरवेंद्र को सूचना दी। जांच करने पर पता चला कि स्टोर के पिछले गेट पर लगे दोनों ताले काटे गए हैं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। अमित कुमार की शिकायत पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उमेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल से सबूत इकट्ठे किए जा रहे हैं। आसपास लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। संवाद