सूचना के बाद कुंडली, सोनीपत व नरेला, दिल्ली से अग्निशमन विभाग की 14 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग ने धागा फैक्टरी के आसपास वाले गोदामों को भी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि कोई भी जनहानि की हानि नहीं हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित धागा फैक्टरी बैलून इंडिया में मंगलवार रात करीब दो बजे आग लग गई। आग लगी देख चौकीदार ने मामले की सूचना फैक्टरी मालिक दिल्ली निवासी सुनील शर्मा को दी।
जिसके बाद पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम को अवगत करवाया गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग कुंडली की टीम व थाना प्रभारी धीरज कुमार भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग काफी भड़क चुकी थी।
जिस पर सोनीपत व नरेला स्थित अग्निशमन विभाग की टीम को भी अवगत करवाया गया। जिसके बाद विभाग की करीब 14 गाड़ियों ने आग पर काबू पाने में 12 घंटे की मशक्कत की।
बुधवार दोपहर दो बजे के आसपास आग पर काबू पाया जा सका। आग से फैक्टरी मालिक को भारी नुकसान हुआ है। फैक्टरी में रखा तैयार व कच्चा माल तथा मशीन आग की भेंट चढ़ गई।
रात को धागा फैक्टरी में आग लगने के बाद फैक्टरी के मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद सामान को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया था। लेकिन पूरा सामान निकालने में वे असफल रहे।
जिला अग्निशमन अधिकारी सत्यवान नरवाल ने बताया कि धागा मिल में आग के कारण काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। विभाग की 14 गाड़ियों की मदद से कर्मचारियों को आग पर काबू पाने में 12 घंटे लग गए। आग से भारी नुकसान हुआ है।
आस पास अग्निशमन केंद्र न होना पड़ा भारी
कुंडली औद्योगिक क्षेत्र के प्रधान सुभाष गुप्ता का कहना है कि इतने बड़े क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र न होने के चलते उद्योगपतियों को नुकसान झेलना पड़ता है। सरकार को चाहिए कि जल्द से जल्द एक केंद्र यहां स्थापित करें।