लाइन लीकेज होने की वजह से क्षतिग्रस्त हुई सड़क पर पलटी इरिक्शा। संवाद
गन्नौर। गढ़ी झंझारा रोड पर सीवर लाइन लीक होने के कारण सड़क कई जगह से बैठ गई है और टूटने लगी है। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका ने पानी की निकासी के लिए सीवर लाइन डाली थी। गढ़ी झंझारा के नाले को सीवर लाइन से जोड़ने के लिए अंडरग्राउंड पाइप लाइन बिछाई गई थी लेकिन पाइप लाइन में लीकेज होने से सड़क के नीचे की मिट्टी कमजोर हो गई और सड़क धंसने लगी।
स्थानीय निवासी वीरभान, अजमेर, संदीप, सोनू, अनिल व कर्मबीर का कहना है कि यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है लेकिन नगर पालिका के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इससे हादसों का खतरा बना हुआ है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लापरवाही और घटिया सामग्री के कारण यह स्थिति बनी है। उन्होंने बताया कि यह रोड आसपास के कई गांवों को जोड़ने के साथ-साथ चुलकाना धाम जाने का मुख्य मार्ग है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु और वाहन गुजरते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द लीकेज ठीक कर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।