सोनीपत। टेंडर खत्म होने के बाद 12 दिन से चरमराई सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने कूड़ा उठान का कार्य शुरू करा दिया है। इसके लिए नगर निगम ने दो डोजर व चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां किराये पर ली हैं।
15 जून को टेंडर खत्म होने के बाद से सड़कों की सफाई नहीं हो रही है। कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। प्रमुख बाजारों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई नहीं होने से हालात खराब हो रहे हैं। लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। सड़कों किनारे कचरा फैलने लगा था। लोग नियमित सफाई की मांग कर रहे थे।
विज्ञापन
मेयर राजीव जैन ने विवेकानंद चौक, सिविल अस्पताल के पीछे, पुराने हुडा ऑफिस के सामने व हेमनगर पार्क के बाहर स्वयं खड़े होकर कूड़ा उठवाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता शहर की पहचान और नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है। ऐसे में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने तक निगम अपने संसाधनों के माध्यम से सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का हरसंभव प्रयास करेगा।
मेयर ने बताया कि अगले सप्ताह तक टेंडर आवंटित होने की संभावना है तब तक वैकल्पिक व्यवस्थाओं से काम चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि सड़कों पर कूड़ा कम फैलाएं और जेबीएम कंपनी की ओर से चलाई जा रही डोर टू डोर कचरा उठाने वाली गाड़ियों में ही डालें।