सोनीपत। ग्रामीण अंचल के तहत आने वाले गन्नौर-खानपुर कलां रोड वाया शाहपुर का राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) पुनर्निर्माण करवाएगा। लोक निर्माण विभाग करीब 16.15 किलोमीटर लंबी सड़क के पुनर्निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस सड़क के सुधार पर करीब 6 करोड़ 66 लाख 34 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क का पुनर्निर्माण होने से छह से ज्यादा गांवों को फायदा होगा। लोक निर्माण विभाग ने इसके पुनर्निर्माण के लिए एक सप्ताह के अंदर टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। लंबे समय से टूटी सड़क की वजह से लोगों को परेशानी हो रही थी।
अधिकारियों का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया के बाद मुख्यालय से अलॉटमेंट लेने के बाद सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। ग्रामीण काफी समय से सड़क सुधार की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर हुए गड्ढे परेशानी का सबब बने हुए हैं।
सात गांव के 32 हजार लोगों की सुगम होगी राह
खस्ताहाल गन्नौर-शाहपुर से खानपुर कलां रोड का पुनर्निर्माण होने से सात गांव शाहपुर, खानपुर कलां, सैंय्याखेड़ा, कैलाना, मोई माजरी, दुभेटा व कासंडी के करीब 32 हजार लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। खस्ताहाल सड़क से कई बार खराब होने वाले वाहन चालकों का आर्थिक बोझ कम होगा।
वर्जन
लोक निर्माण विभाग को रोड के पुनर्निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य है कि हर गांव, गली को पक्का कर ग्रामीणाें को मुख्य धारा से जोड़ना है। -देवेंद्र कादियान, विधायक, गन्नौर।
वर्जन
सड़क के पुनर्निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर होने के बाद मुख्यालय को अलॉटमेंट पत्र लिखा जाएगा। अलॉटमेंट मिलते ही सड़क का पुनर्निर्माण शुरू करवाया जाएगा। -पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग।