विकास नगर में फूड सप्लाई इंस्पेक्टर बनकर पानीपत के दो युवकों ने रोडवेज के सेवानिवृत्त कर्मचारी से ठगी कर ली। उनको घरेलू सामान आधी कीमत में दिलाने का झांसा दिया गया। आरोपियों ने उनसे साढ़े 35 हजार रुपये वसूल लिए और बुजुर्ग को रास्ते में झांसा देकर भाग गए। दोनों आरोपी आपस में जीजा-साला बताए जा रहे हैं। उन पर ठगी के पहले भी कई मुकदमे है।
हवा सिंह ने सेक्टर-23 चौकी पुलिस को बताया कि वह विकास नगर के रहने वाले हैं। वह हरियाणा रोडवेज से सेवानिवृत्त हैं। उनके पास 25 सितंबर पर दो बाइक सवार युवक पहुंचे थे। एक युवक ने अपना नाम राजू और दूसरे ने राजेश बताया था। राजू ने बताया कि वह फूड सप्लाई विभाग में इंस्पेक्टर हैं। वह पानीपत के रहने वाले हैं। सोनीपत में उनकी स्पेशल ड्यूटी लगी हुई है। उनके पास कुछ मात्रा में खाद्य सामग्री व अन्य सामान उपलब्ध है। वह उसे आधी कीमत पर दिला सकत है। उन्होंने 70 हजार रुपये का सामान 35 हजार रुपये में देने का भरोसा दिया और पांच सौ रुपये टैंपो का किराया बताया। हवा सिंह ने उनको 35 हजार 500 रुपये दे दिए। युवकों ने हवा सिंह को अपने साथ बाइक पर बैठाया और सामान देने की बात कहकर लेकर चल दिए। रास्ते में एक मकान में अपनी रिश्तेदारी बताकर राजू ने पांच मिनट रुकने की बात कही। वहां पर हवा सिंह के उतरते ही वह बाइक लेकर भाग गए। अब मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।