फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नए सत्र से अपने भवन में शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी राजकीय महिला कॉलेज की छात्राएं

विज्ञापन
सेक्टर-12 में निर्मित महिला कॉलेज का भवन। संवाद - फोटो : Sonipat
विज्ञापन
सेक्टर-12 में शहर के एकमात्र राजकीय महिला कॉलेज का भवन बनकर तैयार हो गया है। 31 मार्च तक इसे पूरा कराकर शिक्षा निदेशालय को सौंप दिया जाएगा। अब नए सत्र से कॉलेज के अपने भवन में छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी। फिलहाल कॉलेज की कक्षाएं मुरथल अड्डा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के एक कोने में बने चार कमरों में लग रही हैं। कॉलेज की बिल्डिंग शुरू होने से शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
विज्ञापन

सोनीपत में राजकीय महिला कॉलेज बनाने की घोषणा सीएम मनोहर लाल ने 13 अक्तूबर, 2016 को की थी। इसके बाद सीएम ने ही कॉलेज का शिलान्यास भी किया था। शिलान्यास के अनुसार चयनित सेक्टर-12 की जमीन में बड़े गड्ढे और फिर बेसमेंट में पार्किंग विवाद के चलते यहां काम अटका रहा था, लेकिन बाद में इसे सुलझा लिया था। इस पर सितंबर, 2019 में लोक निर्माण विभाग ने नई बिल्डिंग का निर्माण शुरू कराया था, जिसका शुभारंभ तत्कालीन कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने किया था। अब यहां के गड्ढों ने एक खूबसूरत ढांचे का रूप ले लिया है। बिल्डिंग का निर्माण कार्य लगभग पूरा गया है।
कोरोना के कारण 29 माह में हुआ तैयार
महिला कॉलेज की बिल्डिंग के निर्माण पर 21 करोड़ रुपये खर्च हुआ है। अधिकारियों ने जुलाई, 2021 तक बिल्डिंग का निर्माण पूरा करने की डेडलाइन रखी थी, लेकिन कोरोनाकाल में कई माह तक निर्माण कार्य बंद रहा। ऐसे में काम पूरा नहीं हो सका। इसके निर्माण में 21 के बजाय 29 माह का समय लगा है।
विज्ञापन

स्कूल के चार कमरों में शिक्षा ले रहीं 500 छात्राएं
प्रदेश सरकार ने कॉलेज की घोषणा करते हुए दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी थी। छात्राओं को परेशानी न हो, इसके लिए सरकार ने शहर में मुरथल अड्डा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की बिल्डिंग में कक्षाएं भी शुरू करा दी थीं। यहां छात्राओं व स्टाफ को किस कदर समस्या का सामना करना पड़ रहा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 4 कमरों में 500 छात्राओं की कक्षाएं लग रही हैं। कमरों के अभाव में बरामदों से भी क्लास रूम का काम लिया जा रहा है। अब छात्राओं व फैकल्टी, दोनों को ही राहत मिलेगी।
नए भवन में 21 क्लासरूम, 6 लैब और 12 स्टाफ रूम
करीब साढ़े 10 एकड़ में बने कॉलेज के नए भवन को आधुनिक तरीके से बनाया गया है। यहां पर पार्क व खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। भवन में 21 क्लासरूम, 6 लैब रूम व 12 स्टाफ रूम बनाए गए हैं। वर्तमान जगह में कमरों के अभाव के कारण स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू नहीं की जा सकीं, जबकि नए भवन में जाने के बाद ये कक्षाएं भी शुरू की जा सकेंगी। फिलहाल आर्ट, कॉमर्स के अलावा पत्रकारिता में डिप्लोमा व कामर्स ऑनर्स की कक्षाएं चल रही हैं। स्टाफ के बैठने के लिए भी वर्तमान भवन में पर्याप्त जगह नहीं है। नए भवन में ये सभी दिक्कतें दूर हो सकेंगी।
वर्जन
सेक्टर-12 में महिला कॉलेज की बिल्डिंग का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। बचे हुए कार्य को 31 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद भवन शिक्षा निदेशालय को सौंप दिया जाएगा।
विज्ञापन

- पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सोनीपत
वर्जन
महिला कॉलेज को अपना भवन मिल सकेगा। नए भवन में नई ऊर्जा से अध्ययन-अध्यापन कार्य हो सकेगा। उम्मीद है कि नए सत्र की नई कक्षाएं नए भवन में लगेंगी।
- डॉ. संगीता सपरा, प्राचार्य, राजकीय महिला कॉलेज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें