कुंडली। गांव प्रीतमपुर स्थित फेनबेल्ट फैक्टरी के ऑपरेटर के पास बैंक अधिकारी बनकर फोन करने के बाद एक लिंक डाउनलोड कराया और दो खातों से 58983 रुपये निकाल लिए गए। जब पैसे निकलने का मैसेज आया तो आपरेटर को मामले का पता लगा। जिस पर पुलिस को अवगत कराया गया। कुंडली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव प्रीतमपुरा निवासी जितेंद्र राय ने पुलिस को बताया कि वह प्रीतमपुरा में फेन बेल्ट की कंपनी में सीनियर ऑपरेटर के पद पर नियुक्त हैं। 3 सितंबर को उनके मोबाइल नंबर पर कॉल आई थी। फोन करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि वह फरीदाबाद शाखा से बोल रहा है। उसने उसके मोबाइल नंबर पर एक लिंक भेजा और उसे डाउनलोड करने को कहा। लिंक के डाउनलोड करते ही जितेंद्र के खाते से पैसे निकल गए। उसके खाते में 14000 रुपये थे। जिसमें से 11989 रुपये निकल गए। जब उसे पता लगा तो उसने फोन कर उस व्यक्ति से बात की। उसने उसे कहा कि पैसे गलती से कट गए हैं। उसने किसी दूसरे बैंक खाते के बारे में पूछा। उसने उसके दूसरे खाते में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पूछ लिया। उसने खाता नंबर तक नहीं पूछा। उसके बावजूद मोबाइल नंबर बताते ही उसके दूसरे खाते से एक बार में 20000 रुपये व दूसरी बार में 24999 रुपये निकल गए। तब उसने तुरंत अपने एटीएम को ब्लाक कराया। उसने मामले की शिकायत कुंडली थाना पुलिस को दी। कुंडली थाना पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ खाते से धोखाधड़ी कर 56988 रुपये निकालने का मुकदमा दर्ज कर लिया। जितेंद्र ने बताया कि बाद में उसे पता लगा कि फरीदाबाद वाले खाते से 1995 रुपये और निकाले गए हैं। उसके खाते से 58983 रुपये निकल गए। उसने बताया कि उसके रसोई गांव स्थित खाते में 1.84 लाख रुपये थे।
बेटी की शादी के लिए जोड़ रहा पाई-पाई
कंपनी में सीनियर आपरेटर जितेंद्र राय मूलरूप से बिहार का रहने वाला है। वह फिलहाल प्रीतमपुर में ही रह रहा है। जितेंद्र ने बताया कि उसके पास एक बेटी व एक बेटा है। बेटी 11वीं कक्षा की छात्रा और बेटा 10वीं में पढ़ रहा है। वह बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़ रहा था। जिसमें से ठगों ने 58983 रुपये ठग लिए।
वर्जन
व्यक्ति के खाते में लिंक डाउनलोड कराने के बाद नकदी निकालने की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
-सुरेंद्र सिंह, जांच अधिकारी, थानाकुंडली।