केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध लगातार जारी है। युवाओं ने सोमवार को रेलवे ट्रैक जाम करने की चेतावनी दी है। ऐसे में रेलवे की ओर से पानीपत व कुरुक्षेत्र से सोनीपत होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाली चार पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया गया है। सोमवार सुबह दैनिक यात्रियों को दिल्ली की ओर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पानीपत-नई दिल्ली पैसेंजर ट्रेन (04450) सुबह 6.01 बजे सोनीपत पहुंचती है। पानीपत-गाजियाबाद (04472) सुबह 6.50 बजे, कुरुक्षेत्र-हजरत निजामुद्दीन पैसेंजर ट्रेन (04406) सुबह 7.43 व कुरुक्षेत्र-दिल्ली जं. (04178) सुबह 8.02 बजे सोनीपत पहुंचती है। इन ट्रेनों को सोमवार को रद्द कर दिया गया है।
ट्रैक जाम होने की सूचना के चलते रेलवे संपत्ति व यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली की ओर जाने वाली चार पैसेंजर ट्रेन सोमवार को रद्द रहेंगी। जिससे दिल्ली की ओर आने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। -दीपक कुमार, उत्तर रेलवे मुख्य जनसंपर्क अधिकारी