फोटो 03: सोनीपत बस अड्डे से बड़ौत जाने वाली रोडवेज बस में सवार होते यात्री। संवाद
सोनीपत। रोडवेज बेड़े में शामिल चार नई बसों की पासिंग होने के बाद बड़ौत रूट पर चलाया जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से फास्टैग बनने के बाद इन बसों को शिमला और सुजानपुर रूट पर चलाया जाएगा। इन बसों को सोनीपत से वाया दिल्ली होते हुए लंबे रूट पर भेजने की तैयारी है।
इससे पहले 25 अप्रैल को सोनीपत रोडवेज बेड़े में पांच नई बसें शामिल हुई थीं। पासिंग प्रकिया पूरी होने के बाद इनमें से तीन बसों को कटरा व दो को सुजानपुर रूट पर चलाया जा रहा है। अब 26 मई को चार और नई बसें सोनीपत पहुंची हैं। इन बसों की पासिंग प्रक्रिया के बाद ट्रायल के लिए बड़ौत रूट पर चलाया जा रहा है।
साथ ही इन बसों को लंबे रूट पर भेजने से पहले एनएचएआई से फास्टैग के लिए आवेदन किया गया है। फास्टैग बनने के बाद दो बसों को सुजानपुर व दो को शिमला रूट पर चलाया जाएगा। लंबी दूरी की यात्रा पर जाने वाले लोगों को काफी फायदा होगा।
गर्मी की छुट्टियों के चलते ट्रेनों में वेटिंग ज्यादा है। इसकी वजह से पहाड़ों की ओर जाने के लिए सार्वजनिक वाहन की मांग बढ़ रही है। कोरोना काल के बाद फरवरी 2022 में सोनीपत-शिमला रूट पर रोडवेज बस का संचालन शुरू किया गया था। अब यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए 20 दिन से शिमला रूट पर एक अतिरिक्त बस चलाई गई है।