फोटो: सोनीपत शहर में डेंगू का मरीज मिलने पर पीड़ित के घर में की गई फॉगिंग। स्रोत: स्वास्थ्य विभ
सोनीपत। जिले में डेंगू का खतरा बढ़ता जा रहा है। पिछले 48 घंटे में डेंगू के चार नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही इस सीजन में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। नए मामले मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित क्षेत्रों में फॉगिंग और मच्छररोधी गतिविधियां तेज कर दी हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वीरवार को डेंगू के चार नए मामलों की पुष्टि हुई। इनमें दो मरीज सोनीपत क्षेत्र के हैं, जबकि बढ़खालसा और बीसवां मील में एक-एक मरीज मिला है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें संबंधित क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं। घरों और आसपास के क्षेत्रों में लार्वा सर्वे के साथ लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। जलभराव वाले स्थानों और संभावित जलस्रोतों की जांच कर लार्वा मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया जा रहा है।
जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए 166 विशेष टीमें गठित की गई हैं। इनमें 160 टीमें ग्रामीण और छह टीमें शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर लार्वा सर्वे कर रही हैं। स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आशा वर्कर भी लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं। जिन क्षेत्रों में मरीज मिले हैं, वहां निगरानी बढ़ाई गई है। लोगों को घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की हिदायत दी जा रही है। नियमों की अनदेखी करने वालों के चालान भी किए जा रहे हैं।
अब तक इन क्षेत्रों में मिल चुके केस
सोनीपत शहर 6
बढ़खालसा 3
कुंडली 2
जुआं 2
खेवड़ा 1
बीसवां मील 1
-
डेंगू की रोकथाम के लिए विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। संभावित क्षेत्रों में फॉगिंग और लार्वा विरोधी गतिविधियां चलाई जा रही हैं। लोगों को भी घरों और आसपास पानी जमा न होने देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
डॉ. योगेश गोयल, जिला मलेरिया अधिकारी