सोनीपत। टोल प्लाजा से निकलने के लिए 15 दिसंबर से फास्टैग भले ही अनिवार्य कर दिया, लेकिन काफी वाहन चालक फास्टैग नहीं लगवा रहे हैं। इस कारण केजीपी व नेशनल हाईवे 44 के टोल प्लाजा पर केवल एक-एक लाइन नकद टैक्स वसूली वाली रखने का नियम लागू नहीं किया गया है। क्योंकि नेशनल हाईवे व एक्सप्रेस वे पर वाहनों का भार काफी ज्यादा है और वहां पहले ही वाहनों की लंबी लाइन रोजाना लग रही है। अगर वहां एक-एक लाइन की जाती है तो हालात ज्यादा बिगड़ सकते है। इस कारण ही केजीपी पर चार लाइन व नेशनल हाईवे पर तीन लाइन नकद टोल टैक्स वसूली वाली रहेगी। इसके साथ ही वाहन चालकों को नकद टोल टैक्स देने पर भी 24 घंटे में वापस आने वाली छूट पहले की तरह मिलती रहेगी और यह नकद की पर्ची पर दोनों जगह लागू रहेगा।
केजीपी पर 15 लाइनों में चार पर नकद टोल टैक्स लिया जाएगा
एनएचएआई के डीजीएम अरविंद कुमार ने बताया कि केजीपी के कुंडली टोल प्लाजा पर इस समय 15 लाइन हैं, जिनमें गाजियाबाद से कुंडली की ओर आने के लिए 9 लाइन हैं। वहीं कुंडली से गाजियाबाद की ओर जाने के लिए 6 लाइन हैं। 15 दिसंबर के बाद गाजियाबाद की ओर से 6 लाइनों में फास्टैग अनिवार्य किया गया था तो कुंडली की ओर से 4 लाइनों में अनिवार्य किया गया था। इस तरह 5 लाइनों को फास्टैग व नकद भुगतान दोनों के लिए छोड़ा गया था। इनमें 15 जनवरी के बाद केवल एक-एक लाइन नकद टोल वसूली के लिए रखने की तैयारी थी। मगर केजीपी पर इस समय लगभग 90 हजार वाहन चलते हैं, जिनमें से 40 प्रतिशत ने फास्टैग नहीं लगवाया है। इस कारण यह नियम लागू नहीं किया जा रहा है और यहां दोनों ओर दो-दो लाइन को अभी नकद टोल टैक्स वसूली के लिए रखा जाएगा।
एनएच-44 के भिगान टोल पर 17 लेन में 3 पर नकद टैक्स लिया जाएगा
एनएचएआई के टेक्निकल मैनेजर आनंद दहिया ने बताया कि नेशनल हाईवे 44 के भिगान टोल पर 17 लेन हैं, जिनमें से 9 लाइन चंडीगढ़ की ओर जाने के लिए हैं तो 8 लेन दिल्ली की ओर जाने के लिए हैं। उनके अनुसार इस हाईवे पर 50 हजार से ज्यादा वाहन रोजाना चलते हैं। इसको देखते हुए ही 15 दिसंबर के बाद 8 लेन पर नकद भुगतान की व्यवस्था की गई थी। इसे धीरे-धीरे कम किया गया और अब वहां तीन लाइन नकद टोल टैक्स की चल रही हैं। जिनमें दो दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जाने के लिए हैं तो एक चंडीगढ़ से दिल्ली की ओर जाने वाली है। वाहनों का भार देखते हुए अभी यह तीन लाइन चलती रहेंगी, जबकि एक लाइन वीआईपी, एंबुलेंस, सेना आदि के वाहनों के लिए रिजर्व है।
24 घंटे में वापस आने पर पर्ची पर मिलती रहेगी छूट
एनएचएआई के टेक्निकल मैनेजर आनंद दहिया के अनुसार जिस तरह से पहले 24 घंटे में वापस आने पर नकद टोल टैक्स देने पर छूट मिलती थी। उस तरह ही आगे भी छूट मिलती रहेगी और उसमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया है। इसके अलावा 20 किमी के दायरे में रहने वालों को छूट मिलती है, वह छूट भी पहले की तरह जारी रहेगी। किसी ने पास बनवाया हुआ है तो उसे फास्टैग से जोड़ा जा रहा है, जिससे उसको पास बनवाने वाली छूट मिलती रहे।
फास्टैग की लाइन खाली पड़ी, नकद वाली में जाम लग रहा
केजीपी के कुंडली टोल प्लाजा व नेशनल हाईवे 44 के भिगान टोल प्लाजा पर पिछले कई दिनों से रोजाना जाम लग रहा है। वहां फास्टैग वाली लाइन खाली पड़ी रहती है तो नकद टैक्स वाली लाइनों में लंबा जाम लग जाता है। इस तरह वाहन चालक रोजाना जाम में फंस रहे हैं, लेकिन उसके बावजूद भी वह फास्टैग नहीं लगवा रहे हैं। इस कारण वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है तो एनएचएआई को इस वजह से एक-एक से ज्यादा लाइन नकद टोल टैक्स वसूली के लिए रखनी पड़ रही है।