खरखौदा। युवक पर सुए से जानलेवा हमले के ढाई महीने पुराने मामले में चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शहर के आदर्श नगर के रहने वाले चारों आरोपी सगे भाई हैं। सुशील उर्फ शुशि, नवीन उर्फ लीलू, कुलदीप उर्फ कैरा और जगबीर उर्फ टोनी को अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है।
रोहणा के बिजेंद्र उर्फ विजय ने 13 नवंबर 2025 को खरखौदा थाने में बताया कि 12 नवंबर को अपनी कॉलोनी में वह रोहित की शादी में बारात के साथ प्रताप कॉलोनी आया था। बारात में साथ आए दीपक की गाड़ी का शीशा जगबीर उर्फ टोनी ने मुक्का मारकर तोड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने गाड़ी ठीक करवाने की कहकर सुलह करवा दी।
इसके बाद रात करीब 12 बजे बिजेंद्र को नवीन उर्फ लीलू, उसके भाइयों जगबीर उर्फ टोनी, कुलदीप उर्फ कैरा व सुशील उर्फ शुशि ने घेर लिया। सुशील ने पीछे से पकड़ लिया तो नवीन, जगबीर व कुलदीप ने बर्फ तोड़ने वाले सुए से पेट, छाती व कमर में वार किए। शोर मचाने पर बीच-बचाव कर दीपक व विकास बिजेंद्र को उपचार के लिए रोहतक पीजीआईएमएस ले गए।
इस बयान के आधार पर दर्ज अभियोग की जांच करते हुए सहायक उप निरीक्षक संजय की टीम ने हमले के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।