संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। कांवड़ लेकर सोनीपत से गुजरने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने यात्रा मार्गों पर मेडिकल टीमें तैनात की हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए चार एंबुलेंस 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगी। चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की ड्यूटी 11 अगस्त तक जारी रहेगी।
सिविल सर्जन डॉ. अनुराधा जैन के निर्देशन में नागरिक अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग की टीमें कांवड़ यात्रा मार्गों पर निगरानी रखेंगी। मेडिकल टीमों में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मचारी शामिल हैं। उन्हें आवश्यक दवाइयां और प्राथमिक उपचार की किट उपलब्ध कराई गई हैं। डॉ. अनुराधा जैन ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा और स्वास्थ्य सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है।
कांवड़ियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए चार एंबुलेंस विशेष रूप से तैनात की गई हैं। इनमें ऑक्सीजन, आवश्यक दवाइयां, स्ट्रेचर और जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध रहेंगे।
कोमल वेलफेयर सोसाइटी की ओर से दो एंबुलेंस और 15 समाजसेवियों की टीम हरिद्वार भेजी गई है। टीम 11 अगस्त तक कांवड़ियों को निशुल्क एंबुलेंस सेवा, प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएगी।