सोनीपत। युवक पर जानलेवा हमला करने के चार आरोपियों को थाना शहर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव भटाना जाफराबाद निवासी नितिश व अभिषेक और गढ़ी ब्राह्मणान निवासी प्रवीन तथा चिटाना निवासी सुधीर हैं।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि गांव चिटाना निवासी तनुज ने शहर थाना में शिकायत दी थी कि वह 7 अगस्त को गोहाना रोड स्थित जिम जा रहे थे। इसी दौरान नितिश, अंकित, अंशु, सुधीर ने 25-30 अन्य साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने रॉड, पिस्तौल और चाकू से वार किए। आसपास के लोग आए तो अंकित और सुधीर ने उन्हें परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।