गोहाना के गांव बिचपडी में आयोजित ओपन फुटबाल प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा दिखाते खिलाड़ी। संव
गोहाना। गांव बिचपड़ी में शुक्रवार को चार दिवसीय ओपन विशाल फुटबाल प्रतियोगिता का आगाज किया गया। ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित की जा रही प्रतियोगिता में अलग-अलग जिले के गांवों से टीमें भाग ले रही हैं। शुक्रवार को विभिन्न टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में कड़ी टक्कर देखने को मिली। प्रतियोगिता में प्रथम इनाम 51 हजार रुपये, दूसरा इनाम 31 हजार रुपये व तीसरा इनाम 11 हजार रुपये का रखा गया है।
प्रतियोगिता के पहले दिन पांच मुकाबले करवाए गए। इसमें दो मुकाबले ओपन तथा तीन मुकाबले अंडर-14 वर्ग के खेले गए। प्रतियोगिता के आयोजन सुरेश पूनिया व गौरव ने बताया कि ओपन प्रतियोगिता में करनाल के गांव नरू खेड़ी व जींद के खरक रामजी के बीच मैच में 5-2 के स्कोर में नरू खेड़ी ने जीत दर्ज की। वहीं गोहाना व पानीपत के दीवाना के बीच हुए मैच में गोहाना ने 1-0 से जीत दर्ज की। अंडर 14 के मुकाबले में जागसी व बिचपडी के बीच मैच हुआ। जागसी ने 3-2 के अंतर से जीत दर्ज की। गन्नौर के गांव राजलू गढ़ी व जींद के भंभेवा के बीच हुए मुकाबले में राजलू गढी ने 4-3 के अंतर से जीत दर्ज की। बिचपड़ी व माजरा की बीच हुए मुकाबले में बिचपड़ी ने 2-1 के अंतर से माजरा को मात दी। उन्होंने बताया कि फुटबाल के अलावा 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों की दौड, गांव के बच्चों, महिलाओं व पुरुषों की रस्साकसी प्रतियोगिता करवाई गई।