फोटो 29: सोनीपत के बीपीएस राजकीय महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां में उत्सव के दौरान राधा-कृष्ण
गोहाना। गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला विश्वविद्यालय में धर्म पुत्र कला मंच व छात्र कल्याण अधिष्ठाता के संयुक्त तत्वाधान में लोक कला उत्सव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्कृति मंत्रालय के कला विकास योजना के अंतर्गत उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला व हरियाणा कला परिषद के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के सहायक निदेशक रवींद्र शर्मा ने शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान छह राज्यों के कलाकारों ने हिस्सा लिया। इसमे जम्मू से डोगरी, हिमाचल से नाटी, पंजाब से भांगड़ा , हरियाणा से फाग, महाराष्ट्र से लावणी और उत्तर प्रदेश के रास नृत्य ने सभी दर्शकाें का मन मोह लिया। अंत में रासलीला से उत्तर प्रदेश के कलाकारों ने बेहतर प्रस्तुति दी। लठमार होली, फूलों की होली से पूरा पंडाल ख़ुशी से झूम उठा। प्रो. श्वेता सिंह ने कहा कि देश के विभिन्न प्रांतों की टीमों का महिला विश्वविद्यालय में होना लघु भारत का चित्रण कर रहा है। कार्यक्रम में आए कलाकारों की ओर से अपने-अपने प्रदेश की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रस्तुति दी जा रही है। धर्म पुत्र कला मंच के अध्यक्ष मनोज जाले ने कार्यक्रम के महत्व को बताया। मंच संचालन डॉ. श्रीलेखा चौबे ने किया। इस दौरान नाॅर्थ जोन के निदेशक फुरकान खान व हरियाणा कला परिषद के निदेशक नागेंद्र शर्मा, सहायक छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. कृत्तिका दहिया, डॉ. सुमन दलाल, डॉ. मोनिका व गोहाना संस्कार भारती से दीपक, हिमांशु, सुनील भी मौजूद रहे।