सोनीपत। मत्स्य विभाग की ओर से प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत वर्ष 2024-25 की अवधि के लिए जिला में सेमग्रस्त भूमि के किसान, बेरोजगार युवाओं समेत अन्य प्रार्थियों से मत्स्य पालन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को 40 फीसदी अनुदान तथा महिला एवं अनुसूचित जाति वर्ग के लाभार्थियों को 60 फीसदी अनुदान दिया जाएगा।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि प्रार्थी किसान योजना के तहत मीठे पानी में मछली पालन के लिए तालाब का निर्माण, लवणीय व क्षारीय भूमि में तालाब का निर्माण (खारा पानी), आरएएस यूनिट की स्थापना कर सकता है। केवल आरएएस यूनिट की स्थापना में सामान्य वर्ग को 20 फीसदी और अनुसूचित जाति व महिला वर्ग को 25 फीसदी अनुदान दिया जाएगा। जिला मत्स्य अधिकारी कश्मीरी सिंह ने बताया कि योजना में एक व्यक्ति के लिए अधिकतम दो हैक्टेयर तक सीलिंग निर्धारित की गई है, परंतु समूह के लिए 20 हैक्टेयर तक सीलिंग निर्धारित है। इच्छुक प्रार्थी 29 फरवरी तक अपना आवेदन, फर्द, दस साल की लीज डीड, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो मत्स्य विभाग के कार्यालय में दे सकते हैं।