सोनीपत। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लगातार पड़ रहे कोहरे की वजह से यातायात प्रभावित होने लगा है। इस मौसम में हादसे की आशंका को देखते हुए सोनीपत-जयपुर रूट पर जाने वाली पहली रोडवेज बस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सोनीपत बस अड्डे से पहली रोडवेज बस तड़के चार बजे जयपुर के लिए रवाना होती है।
सोनीपत से शिमला, सोनीपत से पठानकोट जैसे रूटों पर चलने वाली रोडवेज बसें भी कोहरे की वजह से प्रभावित हो रही हैं। धुंध अधिक होने की वजह से सफर में अधिक समय लग रहा है। कोहरा पड़ने की वजह से अब बसों का संचालन करना परिवहन विभाग के लिए मुश्किल होता जा रहा है।
यही नहीं, सुबह के समय यात्रियों की संख्या में भी गिरावट आई है। ऐसे में सुरक्षा और यात्रियों की संख्या के मद्देनजर रोडवेज विभाग ने सोनीपत से जयपुर रूट पर चलने वाली पहली बस को रद्द कर दिया है। हालांकि दिन में जयपुर रूट पर बसें चलाई जा रही हैं।
विभाग ने वर्कशॉप से बाहर निकलने से पहले सभी बसों में फॉग लाइट और पर्याप्त रिफ्लेक्टर लगे होने अनिवार्य किया है। चालकों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं कि वह बसों को तय गति से ज्यादा न दौड़ाए।
सुबह दृश्यता 5 से 50 मीटर तक ही सिमटी रहती है। ऐसे में वाहन चलाते वक्त चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।