-84 गांवों और शहर की आबादी को मिलेगा फायदा, आग लगने की घटनाओं पर तेजी से काबू पाने में मिलेगी मदद
फोटो :: 08
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। उपमंडल में आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए दमकल विभाग अपने संसाधन बढ़ाने की तैयारी में है। गोहाना दमकल केंद्र के बेड़े में तीन नई गाड़ियां शामिल करने के लिए मुख्यालय को मांग भेजी गई है। वर्तमान में केंद्र के पास केवल दो दमकल गाड़ियां और एक फायर बाइक उपलब्ध है। ऐसे में शहर और आसपास के 84 गांवों में आग लगने की बड़ी घटनाओं के दौरान दमकल विभाग को दूसरे जिलों से गाड़ियां बुलानी पड़ती हैं। नई गाड़ियां मिलने से विभाग की क्षमता बढ़ेगी और आग पर समय रहते काबू पाने में मदद मिलेगी।
गोहाना दमकल केंद्र के अधीन शहर के अलावा तहसील के 84 गांव आते हैं। इतने बड़े क्षेत्र में आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए वर्तमान संसाधन पर्याप्त नहीं हैं। केंद्र में उपलब्ध दो गाड़ियों में से एक छोटी फायर टेंडर है, जिसकी पानी की क्षमता भी सीमित है। बड़ी घटना होने पर रोहतक, सोनीपत और पानीपत से दमकल गाड़ियां मंगवानी पड़ती हैं। दूसरे जिलों से गाड़ियां पहुंचने में लगने वाले समय के कारण आग से नुकसान बढ़ने की आशंका रहती है।
गेहूं के सीजन में किसानों को झेलना पड़ता है नुकसान
उपमंडल में करीब 53 हजार हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की खेती होती है। फसल पकने के समय खेतों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। कई बार आग बड़े क्षेत्र में फैल जाती है, जिससे फसलों को भारी नुकसान होता है। ऐसी परिस्थितियों में स्थानीय दमकल गाड़ियों के साथ दूसरे जिलों से भी मदद लेनी पड़ती है। पर्याप्त गाड़ियां उपलब्ध होने से किसानों की फसलों को आग से बचाने में काफी मदद मिल सकती है।
शहर के लघु उद्योगों में आग की घटनाएं भी चुनौती
गोहाना शहर में कई बार लघु औद्योगिक इकाइयों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं। सीमित दमकल संसाधनों के कारण एक साथ कई स्थानों पर आग लगने की स्थिति में विभाग के सामने चुनौती खड़ी हो जाती है। तीन नई गाड़ियां मिलने से आपात स्थिति में विभाग की त्वरित कार्रवाई करने की क्षमता बढ़ेगी। इससे शहर और ग्रामीण क्षेत्र, दोनों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
दूसरे जिलों पर निर्भरता होगी कम, समय पर पहुंचेगी मदद
वर्तमान व्यवस्था में आग की बड़ी घटनाओं के दौरान दूसरे जिलों से दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ती हैं। दूरी अधिक होने के कारण उनके पहुंचने में समय लगता है। नई गाड़ियां मिलने के बाद गोहाना दमकल केंद्र अपने क्षेत्र में ही अधिक प्रभावी ढंग से आग बुझाने की कार्रवाई कर सकेगा। इससे आग को फैलने से रोकने और जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यालय से मांगी हैं तीन नई दमकल गाड़ियां
गोहाना दमकल केंद्र में गाड़ियों की संख्या कम होने की समस्या से मुख्यालय को अवगत कराया गया है। विभाग की ओर से तीन नई दमकल गाड़ियों की मांग भेजी गई है। उन्होंने कहा कि नई गाड़ियां मिलने से आग की घटनाओं पर तेजी से काबू पाया जा सकेगा और क्षेत्र में होने वाले नुकसान को न्यूनतम करने में मदद मिलेगी।
रामेश्वर, एफएसओ, सोनीपत