सोनीपत। हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की ओर से राज्यस्तरीय हड़ताल 13 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। नगर निगम कार्यालय में शनिवार को पे-रोल व कौशल दमकल कर्मियों का धरना जारी रहा। इसकी अध्यक्षता जिला सचिव अमित दहिया, मंच संचालन वरिष्ठ उपप्रधान विरेंद्र ने किया।
जिला प्रधान राजीव खत्री व पूर्व प्रधान संदीप तूर ने बताया कि प्रदेशभर के दमकल कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। यूनियन की प्रमुख मांग है कि फरीदाबाद की फैक्टरी में आग बुझाते समय मारे गए कर्मियों को शहीद का दर्जा दिया जाए। उनके आश्रितों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को पक्की सरकारी नौकरी व सभी नियमानुसार सुविधाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों का समाधान नहीं किया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।