खरखौदा। पुलिस स्टेशन के सामने स्थित हुक्का-तंबाकू भंडार में आग लग गई। इससे दुकान में रखा सामान जल गया। दुकानदार को जब आग लगने का पता चला तो वह परिजनों के साथ पहुचां। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान शटर खोलते समय दुकानदार जयसिंह को करंट भी लग गया, गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ।
जयसिंह का कहना है कि उन्होंने रोहतक मार्ग पर पुलिस स्टेशन के सामने हुक्का व तंबाकू बेचते हैं। रोजाना की तरह रविवार शाम वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। सोमवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि दुकान के अंदर आग लगी हुई है। सूचना पाकर वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और जल्दबाजी में शटर खोलने का प्रयास किया, लेकिन इस बीच आग लगने से तार के ऊपर से प्लास्टिक भी जल चुका था और शटर में भी करंट आया हुआ था। ऐसे में उन्हें करंट लग गया, गनीमत रही कि करंट का झटका लगते ही वह दूर जा गिरे। इसके बाद बिजली काटकर शटर खोला गया। अंदर आग के कारण काफी संख्या में रखे हुक्के जल चुके थे और तंबाकू के साथ ही अन्य सारा सामान जलने से छत की कड़ियां भी जल गईं। जयसिंह का कहना है कि शाॅर्ट सर्किट के कारण दुकान में आग लगी होगी।