फोटो : 12 : सोनीपत के कामी रोड पर चावल फैक्टरी में धधकती आग। स्रोत वीडियो ग्रैब
सोनीपत। चावल पॉलिश करने की फैक्टरी में बुधवार रात दस बजे भीषण आग लग गई। कामी रोड के पास स्थित फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश की, मगर कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद सात और गाड़ियों को मंगवाकर दमकल कर्मियों ने सात घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग कैसे लगी अभी तक साफ नहीं हो पाया है। फैक्टरी मालिक का कहना है कि आग लगने से उनका तीन करोड़ का नुकसान हुआ है।
कामी रोड पर विकास चावला की फैक्टरी है। उसमें चावल पॉलिश करने के बाद पैकिंग का काम किया जाता है। बुधवार देर रात फैक्टरी में रखे जूट के बारदाने में आग लग गई। देखते ही देखते उसने भीषण रूप धारण कर लिया। फैक्टरी से उठती आग की ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।
कर्मचारियों ने आग लगने की सूचना दमकल केंद्र को दी। वहां से दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, मगर आग भड़कने की वजह से दमकल कर्मी उसे बुझाने में नाकाम रहे। आग की भयावहता देखते हुए जिले के अन्य केंद्रों के साथ रोहतक से दमकल की एक गाड़ी को बुलाया गया। नौ गाड़ियों की मदद से दमकल कर्मचारियों ने सात घंटे में आग पर काबू पाया।
वीरवार तड़के चार बजे फिर से एक बार आग धधकने लगी। इसके चलते फिर से दमकल की गाड़ी को मौके पर बुलाना पड़ा। आग लगने की वजह से फैक्टरी का शेड भी गिर गया। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि आग किन कारणों से लगी है।
फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर नौ दमकल गाड़ियों ने सात घंटे में आग पर काबू पाया। फैक्टरी मालिक ने मुझे नुकसान की कोई जानकारी नहीं दी है। -रामेश्वर सिंह, जिला दमकल अधिकारी।
फोटो : 12 : सोनीपत के कामी रोड पर चावल फैक्टरी में धधकती आग। स्रोत वीडियो ग्रैब