खरखौदा। शहर में कानपुर की एक रियल एस्टेट कंपनी पर निवेश के नाम पर लाखों रुपये ठगी का आरोप लगा है। शास्त्री कॉलोनी निवासी संदीप ने पुलिस आयुक्त को शिकायत में बताया कि कंपनी उनके साथ 10 लाख 80 हजार रुपये की धोखाधड़ी करके भाग गई। शिकायत के आधार पर अभियोग दर्ज करके फिलहाल पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है।
शिकायतकर्ता संदीप के मुताबिक कानपुर की रियल एस्टेट कंपनी वीएसीएल इंडिया ने 2012 में खरखौदा में दफ्तर खोला था। कंपनी के प्रतिनिधियों ने लोगों को निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिया था। इसी से प्रेरित होकर संदीप ने पहली बार एक लाख 20 हजार रुपये का पांच साल के लिए निवेश किया। इसके बाद एक-एक करके कई योजनाओं में करीब 10 लाख 80 हजार रुपये लगा दिए।
आरोप है कि शिकायतकर्ता ने समयावधि पूरी होने से पहले कंपनी के कार्यालय में संपर्क करना चाहा तो वहां ताला लगा मिला। संदीप ने कंपनी के डायरेक्टर बृजेंद्र चौहान व अन्य पर उसके साथ ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके साथ ही नहीं, अन्य लोगों के साथ भी ऐसे ही ठगी की गई है।
पुलिस उपायुक्त ममता सिंह के निर्देश पर खरखौदा थाने की पुलिस ने वीएसीएल इंडिया के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में अभियोग दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है।