अप्रैल के तीसरे सप्ताह में जून की तरह गर्मी सता रही है। हरियाणा के तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दिन में धूप और लू के थपेड़े ने लोगों को बेहाल कर दिया है। वहीं गर्मी बढ़ने से वाहनों में आग लगने के मामले भी सामने आने लगे हैं। बुधवार दोपहर को सुभाष चौक के पास खड़ी स्कूटी में आग लग गई। जिससे वह जलकर ढांचा बन गई।
विज्ञापन
मॉडल टाउन निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर बाजार आया था। दोपहर बाद वह सुभाष चौक पर पहुंचा और वहां पर अपनी स्कूटी खड़ी करके दुकान में चला गया। कुछ ही देर बाद उनको बाहर शोर सुनाई दिया। बाहर आकर देखा तो उसकी स्कूटी से आग की लपटें उठ रही थीं। आसपास के दुकानदारों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया।
दुकानों पर लगे फायर हाईड्रेंट (अग्निशमन यंत्र) से भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बुझी। आग की सूचना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्कूटी जलकर ढांचा बन चुकी थी। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका है। शाम तक जलती स्कूटी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।