संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से मंगलवार को पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल अड्डा में छात्राओं और स्टाफ सदस्यों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए अपने आसपास के युवाओं को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
छात्राओं और स्टाफ ने नशा नहीं करने व दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। प्राचार्य दिनेश कुमार ने कहा कि नशे की लत युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। छात्राओं को अपने मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने व युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। स्टाफ सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।