गोहाना। गांव मोई हुड्डा में खेत के इंजन व पंखे को वापस मांगने पर छह लोगों ने पिता-पुत्र की पिटाई कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने उन पर चाकू से भी वार किया। किसान की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में किसान मंजीत ने बताया कि करीब तीन दिन पहले उसके पड़ोसी मोहित उर्फ सुरेंद्र ने खेत का पानी निकालने के लिए उसका इंजन व पंखा (ट्यूबवेल) मांगा था। इस पर उसने पड़ोसी होने के नाते उसे इंजन व पंखा दे दिया। इसके बाद जब उसने 15 अक्तूबर को मोहित से अपना इंजन व पंखा वापस मांगा तो उसने उसके साथ गाली-गलौज की। अगले दिन सुबह करीब छह बजे जब वह और उसका पिता खेत में घूमने गए तो वेदप्रकाश, कमलदत, सुरेंद्र, बिट्टू, श्रीदत व बालेराम वहां आए और उनका रास्ता रोककर उन पर हमला बोल दिया। सुरेंद्र ने उसे व उसके पिता को चाकू मार दिया। इसके अलावा अन्य ने उन्हें बिट्टों से पीटा। इसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी देकर सभी गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। उनके जाने के बाद उसका भाई उन्हें गोहाना के अस्पताल में लेकर पहुंचा, वहां से चिकित्सक ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। इस मामले में पुलिस ने छह लोगों पर मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।