फोटो 22 : गोहाना के गांव सरगथल के पास निकली नहर। स्रोत पाठक
गोहाना। गांव सरगथल में वीरवार को सायं तक जेएलएन नहर में पानी के तेज बहाव के साथ बहे पिता-पुत्र का दूसरे दिन भी पता नहीं लग पाया। दोनों की तलाश के लिए चार टीमें लगी थी। देर सायं पिता का शव जांच टीमों को मिल गया है।
शवों की तलाश में दो एनडीआरएफ, एक गोताखोरों की टीम और एक टीम स्टीमर के साथ लगी है। चारों टीमों ने नहर में लगभग 8-10 किलोमीटर तक पिता-पुत्र की तलाश की। टीमों के अलावा ग्रामीण भी नहर में रस्से के सहारे उतरकर उनकी तलाश के लिए प्रयास कर रहे हैं।
गांव सरगथल के सतबीर सिंह और उनका 14 साल का बेटा जतिन वीरवार सुबह गांव के पास से गुजर रही जेएलएन और भालौठ सब ब्रांच नहर के बीच पटरी पर लगे नलकूप से पाने का पानी लेने गए थे। दोनों बाइक पर पानी ढोने के दो चक्कर लगा चुके थे। सुबह 10:30 बजे दोनों फिर नलकूप से पानी लेने आए और नहर में नहाने लगे।
सतबीर सिंह जेएलएन नहर की सीढि़यों पर बैठकर नहा रहे थे तो उनका बेटा भी उनके पास आया। जतिन पैर फिसल कर नहर में गिर गया था और पानी के तेज बहाव में बह गया। सतबीर भी बेटे को बचाने के लिए नहर में कूद गया था। इसके बाद दोनों लगभग 150 मीटर दूर तक बहते हुए गए और फिर डूब गए थे। नहर पर नहाने आए दूसरे युवकों ने दोनों को बचाने की कोशिश की थी लेकिन कामयाब नहीं रहे।
घटना के बाद से ही प्रशासन और पुलिस द्वारा पिता-पुत्र की तलाश शुरू कर दी गई थी। शुक्रवार शाम सात बजे तक दोनों का सुराग नहीं लग पाया। ग्रामीणों भी नहर में उतरकर और पटरी पर गश्त लगाकर पिता-पुत्र की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन ने सिंचाई विभाग से नहर में तीन फीट तक पानी कम करवा दिया है। पिता के मिलने के बाद अब पुत्र की तलाश जारी हैं।