- खरखौदा के वार्ड-13 और 14 के दो पक्षों में हुई मारपीट
- पानी लेकर लौट रहे राजबीर के साथ रास्ते में की मारपीट
- बीच-बचाव करने पहुंचे बेटों पर भी लाठी-डंडों और रॉड से हमला
- घर में घुसकर बड़े बेटे को किया घायल, बेहोशी की हालत में पहुंचाया अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। वार्ड-13 में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में पिता-पुत्र घायल हो गए। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने पहले रास्ते में पिता पर हमला किया और फिर घर में घुसकर उसके बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल पिता-पुत्र को उपचार के लिए पीजीआई, रोहतक में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शहरवासी राजबीर का कहना है कि 6 नवंबर को वह पानी लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान वार्ड 14 निवासी राजपाल ने उन्हें रास्ते में रोककर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपी पक्ष की तरफ से राॅड से हमला किया गया। राजपाल के बेटे अंकित सहित कपिल और जितेंद्र भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने लाठी-डंडों और राॅड से हमला कर दिया। राजबीर के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटों के साथ भी मारपीट की गई। बाद में आरोपी घर में घुस आए और उसके बड़े बेटे पर हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से बेटा बेहोश होकर गिर गया। जिसके बाद उनकी पत्नी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उनके घायल बेटे को अस्पताल पहुंचाया। जहां से उन्हें पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया। खरखौदा थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच आंरभ कर ली है।