सुभाष स्टेडियम में आयोजित जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव में लगाई गई प्रदर्शनी में इफको के किसान ड्रोन की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। इफको से पहुंचे अधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि यह ड्रोन कम खर्च व कम समय में बेहतर तरीके से फसलों पर स्प्रे करेगा। खासियत यह है कि इस ड्रोन से किसान एक दिन में 40 एकड़ फसल में स्प्रे कर सकते हैं। एक एकड़ फसल में स्प्रे करने में इस ड्रोन से सिर्फ आठ से 10 मिनट का समय ही लगेगा। इससे समय की भी बचत होगी।
प्रवीन कुमार ने बताया कि किसान ड्रोन से फसलों पर स्प्रे करने से फसलों को नुकसान नहीं होगा, वहीं स्प्रे के दौरान किसान या मजदूरों की कीट व जंतुओं से भी सुरक्षा हो सकेगी। उन्होंने बताया कि किसान ड्रोन का बाजार मूल्य करीब 14 लाख रुपये हैं, लेकिन इफको की तरफ से इसे महज एक लाख रुपये में मुहैया करवाया गया है। उन्होंने बताया कि किसान ड्रोन से जहां पानी की लागत होगी कम वहीं किसान मजदूरी का खर्च भी बचा सकेंगे।
खासियत... गन्ने व बाग में स्प्रे करने के लिए सबसे उपयुक्त
प्रवीन कुमार ने बताया कि ड्रोन में एक बार में 10 लीटर तक पानी ले जाने की क्षमता है। एक बार में चार्ज होने पर यह ड्रोन दो एकड़ फसल में स्प्रे कर सकता है। विशेषता यह है कि ड्रोन की बैटरी पूरी चार्ज होने में महज 15 मिनट लगते हैं। ऐसे में किसान एक दिन में 40 एकड़ फसल में स्प्रे कर सकते हैं। ड्रोन गन्ने व बाग में स्प्रे करने के लिए सबसे उपयुक्त साधन है। ड्रोन की विशेषता के बारे में जानने के बाद युवा व किसान इसे अपने कैमरे में कैद करते नजर आए।
जहां स्प्रे खत्म किया, दोबारा वहीं से शुरू करेगा ड्रोन
प्रवीन कुमार ने बताया कि ड्रोन की एक विशेषता यह है कि यह जहां पर स्प्रे रोकेगा, बैटरी चार्ज होने के बाद उसी स्थान से स्प्रे शुरू करेगा। इससे जहां दवा की लागत कम लगेगी, वहीं पूरे खेत में एक समान कीटनाशक का छिड़काव किया जा सकेगा।